Sagar-शहर में आवारा सांडों की जंग ! बीच सड़क पर भिड़े 4 बैल, नगर निगम बेखबर
सागर नगर निगम भले ही शहर को आवारा मवेशी मुक्त बनाने की बात कर रहा हो, लेकिन हकीकत कुछ और ही तस्वीर बयां कर रही है। शहर की सड़कों पर घूम रहे आवारा सांड लोगों के लिए सिरदर्द बने हुए हैं। कभी ट्रैफिक बाधित कर रहे हैं, तो कभी आपस में भिड़कर खतरा पैदा कर रहे हैं। ताजा मामला सागर के भूतेश्वर मंदिर के पास संत रविदास वार्ड का है, जहां दो आवारा सांड अचानक आपस में भिड़ गए।
दोनों के बीच जमकर लड़ाई हुई। देखते ही देखते सड़क पर अफरातफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए और दुकानदारों ने तुरंत अपनी दुकानें बंद कर लीं। कुछ लोगों ने पानी डालकर और डंडे चलाकर सांडों को भगाने की कोशिश की, लेकिन वे टस से मस नहीं हुए।
और वहीं इसी तरह का एक और नजारा काकागंज वार्ड में भी देखने को मिला, जहां दो सांड करीब 15 से 20 मिनट तक भिड़ते रहे। लोग डर के मारे घरों में दुबक गए। वहीं बच्चों और बुजुर्गों को सुरक्षित जगह पहुंचाने के लिए स्थानीय लोग जुट गए। गनीमत रही कि इस लड़ाई में कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ। लोगों का कहना है कि नगर निगम बार-बार आवारा मवेशियों को पकड़ने और शहर से बाहर भेजने का दावा करता है, लेकिन हकीकत में यह अभियान नाकाफी साबित हो रहा है। सवाल यह उठता है कि जब मवेशी लगातार पकड़े जा रहे हैं, तो फिर यह सांड शहर की गलियों में दोबारा कैसे नजर आ रहे हैं?
स्थानीय निवासियों ने निगम प्रशासन से अपील की है कि जल्द से जल्द शहर से आवारा मवेशियों को हटाया जाए, वरना किसी दिन यह सड़क की “सांड जंग” किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। सागर की सड़कों पर इन आवारा सांडों का आतंक अब लोगों की सुरक्षा के लिए खतरा बन गया है। सवाल अब निगम प्रशासन से है — शहर मुक्त अभियान कागजों तक सीमित क्यों है?