जंगली जानवरों के शिकार के लिए रखे थे देशी ब-म और फिर भैंसों ने खाया |SAGAR TV NEWS|
मध्यप्रदेश के सागर संभाग के पन्ना जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। सिमरिया थाना क्षेत्र के हरदुआ खमरिया गांव में चार भैंसें तब गंभीर रूप से घायल हो गईं जब उन्होंने जंगल में रखा देशी बम यानी हाथ गोला खा लिया। धमाके में भैंसों के जबड़े फट गए और वे अब कुछ भी खाने-पीने में असमर्थ हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यह घटना उस समय हुई जब भैंसें रोज की तरह जंगल में चरने गई थीं। वहां किसी शिकारी ने जंगली जानवरों का शिकार करने के लिए बम रखे थे। भैंसों ने गलती से उसे खा लिया और तेज धमाका हो गया। इस हादसे से पूरा गांव दहशत में है। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस चौकी हरदुआ और वन विभाग को इसकी सूचना दी।
पप्पू तिवारी, भैंस मालिक ने बताया कि हमने भैंसें जंगल में चरने भेजी थीं, लेकिन उनका जबड़ा बम से उड़ गया। हमें मुआवजा मिलना चाहिए। ब्रजेश तिवारी, भैंस मालिक ने बताया कि ये भैंसें नर्सरी के पास चर रही थीं, वहीं शिकारीयों ने जंगली जानवरों के लिए बम रखा था। हमें न्याय चाहिए। सूचना मिलते ही वन विभाग और डॉग स्क्वॉड की टीम जिला मुख्यालय से मौके पर पहुंची, लेकिन अब तक किसी आरोपी तक पुलिस नहीं पहुंच पाई है।
अनुपम शर्मा, डीएफओ दक्षिण वन मंडल, पन्ना ने बताया कि चार भैंसें घायल हुई हैं। हमने वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। डॉग स्क्वॉड को जांच में लगाया गया है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस दर्दनाक हादसे ने पन्ना के जंगलों में शिकारीयों की सक्रियता को फिर उजागर कर दिया है। सवाल यह है कि आखिर कब तक मासूम जानवर इन शिकारियों की बर्बरता का शिकार बनते रहेंगे।