किसानों का हल्ला बोल ! पराली जलाने पर प्रतिबंध के खिलाफ ट्रैक्टर रैली और चक्काजाम से थमा हाईवे
एमपी के मंडला जिले में किसानों का गुस्सा आज सड़कों पर साफ नजर आया। प्रशासनिक नीतियों से नाराज़ किसानों ने जबलपुर–रायपुर नेशनल हाईवे 30 पर ट्रैक्टर रैली निकालकर चक्काजाम कर दिया। किसानों की यह रैली प्रशासन द्वारा फसल कटाई के बाद खेतों में नरवाई यानी पराली जलाने पर लगाए गए प्रतिबंध के खिलाफ थी।
सुबह से ही जिले के अलग-अलग गांवों से सैकड़ों किसान अपने ट्रैक्टरों के साथ शहर की ओर रवाना हुए। सभी ने एकजुट होकर हाईवे पर जाम लगाया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। किसानों का कहना है कि पराली जलाने पर रोक लगने से खेती की तैयारी बेहद मुश्किल हो गई है। खेतों की सफाई के लिए मजदूर और ट्रैक्टर का खर्चा बढ़ गया है, जिससे खेती की लागत दोगुनी हो गई है।
संजय चौरसिया, किसान ने बताया कि हम प्रशासन से पूछना चाहते हैं कि अगर हम नरवाई नहीं जलाएँ तो क्या करें? खेतों की सफाई के लिए कोई मशीन नहीं दी गई, मजदूरी और खर्च बढ़ गया है। हम खेती कैसे करें? किसानों ने मांग की है कि प्रशासन नरवाई जलाने पर लगे प्रतिबंध में ढील दे या फिर वैकल्पिक व्यवस्था करे। प्रदर्शन के दौरान अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर किसानों से चर्चा की, लेकिन कोई ठोस निर्णय नहीं निकला।
किसान ने बताया कि जब तक कोई हल नहीं निकलता, हम आंदोलन जारी रखेंगे। हमारी समस्याएँ समझे बिना सिर्फ रोक लगा देना समाधान नहीं है। फिलहाल प्रशासन किसानों को समझाने और बातचीत से रास्ता निकालने की कोशिश में जुटा है, लेकिन किसानों ने साफ चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगें जल्द नहीं मानी गईं, तो आंदोलन और बड़ा रूप ले सकता है।