MP का गौर! दो सपूत बने देश के सेनानायक, 45 साल बाद सैनिक स्कूल पहुंचे थल सेना प्रमुख और नौसेना प्रमुख !
एमपी के रीवा का सैनिक स्कूल आज इतिहास रच गया। भारत के थल सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी और नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी — दोनों एक ही स्कूल, एक ही राज्य और एक ही बैच से हैं। शुक्रवार को 45 साल बाद दोनों अपने पुराने विद्यालय लौटे, जहाँ उनका स्वागत राष्ट्रीय सम्मान के साथ किया गया। रीवा एयरपोर्ट से लेकर सैनिक स्कूल तक कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। मंत्रोच्चारण और पुष्पवर्षा के बीच दोनों सैन्य अधिकारी पहुंचे। उन्होंने “अखिल भारतीय सैनिक स्कूल राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता” के समापन समारोह में हिस्सा लिया और छात्रों को अनुशासन, मेहनत और समर्पण की सीख दी।
थल सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने कहा क़ि सैनिक स्कूल ने मेरे जीवन की नींव रखी। यहाँ की फिजिकल ट्रेनिंग, पढ़ाई और अनुशासन ने मुझे एक जिम्मेदार सैनिक बनाया। उन्होंने बताया कि हाल ही में रीवा सैनिक स्कूल के 10 छात्रों ने NDA में चयन प्राप्त किया है, जो गर्व की बात है।
वहीं, नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश त्रिपाठी ने कहा कि यह स्कूल केवल सैनिक नहीं, बल्कि ऐसे नागरिक तैयार करता है जो देश के लिए समर्पित रहते हैं।” उन्होंने छात्रों से देशभक्ति और दृढ़ निश्चय की राह पर चलने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने दोनों प्रमुखों का स्वागत करते हुए कहा कि विंध्य की धरती आज गौरवान्वित है। ऑपरेशन सिंदूर के दोनों हीरो आज हमारे बीच हैं — यह रीवा के लिए गर्व का दिन है। 45 साल बाद एक ही मंच पर देश के दो सेनानायक... और दोनों की जड़ें रीवा की मिट्टी में! सचमुच, यह विंध्य की धरती का स्वर्णिम पल है।