Sagar - डेरी शहर से बाहर नहीं तो पानी नहीं! कमिश्नर के निर्देश पर पगारा गांव शिफ्ट, अब मिलेगा नल कनेक्शन!
सागर शहर की सफाई व्यवस्था और पेयजल आपूर्ति को सुधारने के लिए कमिश्नर के निर्देश पर नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई की है। शहर के अंदर चल रही डेरी पर अब सख्त एक्शन लिया जा रहा है। जिन्होंने अपनी डेरी शहर से बाहर नहीं हटाई, उनके घर का पानी का कनेक्शन काट दिया गया है।
दरअसल, नगर निगम सागर ने बार-बार चेतावनी देने के बावजूद कई पशुपालकों ने अपनी डेरी को शहर के अंदर ही बनाए रखा था। इससे गंदगी फैलने और जल प्रदूषण की समस्या बढ़ रही थी। कमिश्नर सर के निर्देश पर टीम ने कार्रवाई करते हुए शहर की सीमाओं में स्थित डेरी मालिकों के नल कनेक्शन काट दिए थे।
कृष्णगंज वार्ड निवासी रूप नारायण यादव, जिनके पास करीब 6 भैंसे थीं, की डेरी भी इसी कारण से बंद की गई थी। अब कमिश्नर के आदेशानुसार उन्होंने अपनी डेरी को शहर से बाहर पगारा गांव में शिफ्ट कर दिया है। इसके बाद उनका नल कनेक्शन दोबारा जोड़ा जा रहा है। कमिश्नर के आदेश स्पष्ट हैं कि डेरी बाहर नहीं तो पानी की सप्लाई नहीं।
जो डेरी शहर से बाहर शिफ्ट कर देंगे, उनका कनेक्शन तुरंत बहाल किया जाएगा। यह मुहिम अब शहरभर में चल रही है, और इसका असर साफ दिखाई देने लगा है। शहर के अन्य पशुपालकों को भी चेतावनी दी गई है कि यदि उन्होंने निर्धारित समय सीमा में अपनी डेरी को बाहर नहीं हटाया, तो उनके घरों के नल कनेक्शन भी काट दिए जाएंगे।