तहसील में EOW का हंटर! अपर तहसीलदार हर्षल बहरानी ₹15,000 की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार!
एमपी के देवास में भ्रष्टाचार के खिलाफ आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो EOW की एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है। तहसील कार्यालय में अपर तहसीलदार हर्षल बहरानी को ₹15,000 की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया। घटना शुक्रवार दोपहर की है जब EOW की टीम ने तहसील कार्यालय में अचानक दबिश दी। शिकायतकर्ता ताराचंद पटेल ने 27 अक्टूबर को EOW में शिकायत दर्ज कराई थी कि हर्षल बहरानी तीन फाइलों के निराकरण के लिए रिश्वत मांग रहे हैं। शिकायत की जांच EOW थाना प्रभारी रामजी द्वारा की गई, जो सही पाई गई। इसके बाद उज्जैन EOW एसपी के निर्देशन में डीएसपी अमित कुमार के नेतृत्व में ट्रैप की तैयारी की गई। शुक्रवार को जैसे ही शिकायतकर्ता ने ₹15,000 की राशि तहसीलदार को सौंपी, टीम ने मौके पर पहुंचकर बहरानी को रंगेहाथ पकड़ लिया। नोटों पर लगे रासायनिक पाउडर की जांच के बाद रिश्वत की पुष्टि हो गई।
सूत्रों के मुताबिक, पहले अधिकारी ने ₹30 से ₹40 हजार तक की मांग की थी, लेकिन अंततः ₹15,000 में सौदा तय हुआ। जैसे ही पैसे हाथ में आए, ट्रैप टीम ने पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया। डीएसपी अमित कुमार, EOW उज्जैन ने बताया कि शिकायतकर्ता ताराचंद पटेल द्वारा दी गई जानकारी सत्य पाई गई। अपर तहसीलदार हर्षल बहरानी को ₹15,000 रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ा गया है। उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। देवास तहसील में रिश्वतखोरी पर EOW की यह कार्रवाई साफ संदेश देती है कि भ्रष्टाचार का अंजाम अब सीधा जेल की सलाखों के पीछे है।