नकाबपोश चोरों ने तोड़ा CRPF आरक्षक का घर!, 35 मिनट में उड़ाए लाखों के जेवर-नगदी, CCTV में कैद
एमपी के मुरैना से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जहां नकाबपोश चोरों ने सीआरपीएफ आरक्षक के घर का ताला तोड़कर लाखों के जेवरात और नगदी पार कर दिए। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना मुरैना के थाना सिविल लाइन क्षेत्र की पीपरीपुरा श्याम बिहारी कॉलोनी की है। जानकारी के अनुसार, सीआरपीएफ आरक्षक ओमप्रकाश जाटव इन दिनों ग्वालियर केंद्र में पदस्थ हैं।
26 अक्टूबर की रात वे अपने परिवार के साथ सीआरपीएफ केंद्र गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात तीन नकाबपोश चोरों ने उनके घर को निशाना बनाया। सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक, चोर रात करीब 2:55 बजे मुख्य द्वार का ताला तोड़ते हुए घर के अंदर दाखिल हुए। महज 35 मिनट में पूरे घर का सामान बिखेर दिया और लाखों रुपए के गहने व नगदी लेकर फरार हो गए।
घटना का वीडियो पड़ोसी के सीसीटीवी में भी रिकॉर्ड हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल है। फुटेज में तीनों चोर नकाब पहने, टॉर्च की रोशनी में वारदात को अंजाम देते साफ दिखाई दे रहे हैं। सुबह जब आरक्षक ओमप्रकाश जाटव अपने घर लौटे, तो दरवाजे का ताला टूटा मिला और घर का सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था।
सूचना मिलते ही थाना सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। दीपाली चंदोरिया नगर पुलिस अधीक्षक, मुरैना ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात तीन चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हैं।