सागर-सुबह 7 बजे बुलडोज़र के साथ निगमायुक्त खुद पहुंचे मैदान में, मोतीनगर से धर्मश्री तक बुलडोज़र चला
सागर नगर निगम ने आज सुबह शहर में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। धर्मश्री से मोतीनगर रोड तक वर्षों से जमे अतिक्रमणों पर बुलडोज़र चलाया गया। नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री खुद मौके पर मौजूद रहे और पूरी कार्रवाई की निगरानी की। सुबह के करीब 7 बजे शहर की सड़कों पर अचानक भारी मशीनों की गड़गड़ाहट सुनाई दी। दरअसल, यह आवाज़ थी नगर निगम सागर की अतिक्रमण हटाओ मुहिम की। निगम आयुक्त राजकुमार खत्री के नेतृत्व में पूरी टीम धर्मश्री–मोतीनगर रोड पहुंची और अवैध निर्माणों को तोड़ने की शुरुआत की।
मोतीनगर चौराहा से संविधान चौक धर्मश्री मार्ग के पास स्थित एक बड़ा अतिक्रमण वर्षों से ट्रैफिक जाम और सड़क संकरेपन का कारण बना हुआ था। यह इलाका बॉटल नेक ज़ोन बन गया था, जिससे नागरिकों को रोज़ परेशानी होती थी। निगमायुक्त ने मौके पर खड़े रहकर जेसीबी और पोकलिन मशीनों की मदद से अतिक्रमण हटवाने की कार्रवाई कराई।
कार्रवाई के दौरान दो जेसीबी और एक पोकलिन मशीन से अवैध निर्माण ध्वस्त किए गए। इसके साथ ही निगमायुक्त ने धर्मश्री से शीतलामाता तिराहा होते हुए मोतीनगर चौराहे तक सड़क चौड़ीकरण कार्य का निरीक्षण किया और सभी बाधक अतिक्रमणों का चिन्हांकन कराया। राजकुमार खत्री ने स्थानीय नागरिकों से स्वयं अतिक्रमण हटाने की अपील की। उनका कहना था कि शहर के विकास में सहयोग देना हर नागरिक का दायित्व है।
खास बात यह रही कि आयुक्त की अपील पर कई लोगों ने खुद आगे बढ़कर अपना अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया। राजकुमार खत्री, नगर निगम आयुक्त सागर ने बताया कि शहर की सड़कों को चौड़ा और सुरक्षित बनाने के लिए निगम लगातार अभियान चला रहा है। नागरिकों से अपेक्षा है कि वे स्वयं सहयोग करें।