जब सड़कों पर उतरे यमराज ! यातायात पुलिस का अनोखा अभियान, अब बिना हेलमेट नहीं चलेगा वाहन
एमपी के उज्जैन में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने और आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए शहर की यातायात पुलिस ने एक विशेष अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों में हेलमेट पहनने की अनिवार्यता को लेकर जागरूकता फैलाना है। यातायात पुलिस ने शहर के प्रमुख चौराहों पर वाहन चालकों को रोककर हेलमेट पहनने की समझाइश दी।
अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान 5 नवंबर तक चलेगा, जिसमें केवल जागरूकता पर जोर रहेगा। इसके बाद 6 नवंबर से बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों पर सख्त चालानी कार्रवाई शुरू की जाएगी। आज पुलिस द्वारा जागरूकता फैलाने का एक नया तरीका अपनाया गया — नाट्य रूपांतरण (स्ट्रीट प्ले) के जरिए लोगों को संदेश दिया गया कि हेलमेट जीवनरक्षक है, यह केवल नियम नहीं बल्कि सुरक्षा कवच है। इस दौरान आमजन, छात्र और दोपहिया वाहन चालकों की बड़ी संख्या मौके पर मौजूद रही।
सड़क दुर्घटनाओं में सबसे अधिक मौतें सिर पर गंभीर चोट लगने से होती हैं। पुलिस का मानना है कि यदि हर व्यक्ति हेलमेट पहनने की आदत डाल ले, तो कई कीमती जिंदगियां बचाई जा सकती हैं। अभियान के तहत शहर के हर चौराहे पर ट्रैफिक पुलिस तैनात रहेगी और लोगों को नियमों का पालन करने की अपील की जाएगी। इंद्रपाल सिंह, सूबेदार, यातायात पुलिस उज्जैन ने बताया कि हम हेलमेट के प्रति लोगों को जागरूक कर रहे हैं। यह अभियान 5 नवंबर तक चलेगा, इसके बाद नियमों का उल्लंघन करने वालों पर चालान होगा।