Sagar- बेटे ने अपने माता-पिता का किया डबल मर्डर, पुलिस जांच में जुटी
सागर जिले के देवरी थाना क्षेत्र के धुलतरा गांव से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। मामूली बात पर एक सनकी बेटे ने अपने ही मां-बाप की बेरहमी से मर्डर कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया है।
घटना बुधवार रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है। आरोपी 35 वर्षीय शिवराज सेन का अपने पिता से अक्सर झगड़ा होता रहता था। बताया जा रहा है कि घटना की रात पिता 55 वर्षीय गणेश सेन ने किसी बात पर बेटे को गाली दी, जिससे गुस्से में आकर शिवराज ने घर में रखी लोहे की रॉड उठाई और पिता पर हमला कर दिया।
पिता को बचाने दौड़ी मां 45 वर्षीय शांति बाई पर आरोपी ने वजनी पत्थर पटक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। लेकिन आरोपी यहीं नहीं रुका — उसने मां पर भी रॉड से वार कर दिया। दोनों की मौके पर ही जान चली गई।
गांववालों का कहना है कि शिवराज तब तक हमला करता रहा जब तक उसके मां-बाप की सांसें थम नहीं गईं। वारदात के बाद आरोपी भागने की फिराक में था, लेकिन पुलिस ने तुरंत उसे हिरासत में ले लिया।
पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी मानसिक रूप से अस्थिर और गुस्सैल प्रवृत्ति का व्यक्ति है। उसकी शादी नहीं हुई थी और वह अपने परिवार से अलग रह रहा था।
अधिकारियों के मुताबिक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ मर्डर का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी के भाई और अन्य परिजनों से भी पूछताछ कर रही है।
धुलतरा गांव की यह वारदात न सिर्फ गांव बल्कि पूरे इलाके को हिला कर रख देने वाली है — जहां एक बेटे ने पल भर के गुस्से में अपने ही माता-पिता की जान ले ली।