सागर- खाद को लेकर किसानों का फूटा गुस्सा, मंडी गेट बंद कर किया प्रदर्शन, पुलिस-प्रशासन मौके पर
सागर जिले के खुरई में खाद वितरण में गड़बड़ी को लेकर किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। मंगलवार की देर शाम टोकन मिलने के बावजूद खाद न मिलने से नाराज किसानों ने कृषि उपज मंडी का गेट बंद कर दिया और जमकर नारेबाजी की। मौके पर हड़कंप मच गया और पुलिस व प्रशासन के अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। खुरई में मंगलवार को खाद वितरण केंद्र पर हंगामा उस वक्त शुरू हुआ जब कई किसानों ने आरोप लगाया कि उन्हें टोकन मिलने के बावजूद खाद नहीं दी जा रही। किसानों का कहना था कि सुबह से लाइन में लगने के बाद बड़ी मुश्किल से टोकन मिला, लेकिन शाम तक पहुंचते-पहुंचते खाद वितरण रोक दिया गया।
किसानों ने बताया कि टोकन में केवल आज की तारीख लिखी थी, और जब उन्होंने पूछा कि क्या यह टोकन अगले दिन चलेगा, तो कर्मचारी ने साफ जवाब दिया — “नहीं, सिर्फ आज के लिए है।” इस जवाब के बाद किसानों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने मंडी गेट बंद कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। गुस्साए किसानों ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। सूचना मिलते ही शहर पुलिस, तहसीलदार डॉ. राकेश कुमार, और नायब तहसीलदार सुरेश सोनी मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने मौके पर किसानों को शांत कराया।
तहसीलदार डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि कुछ किसानों द्वारा गोदाम कर्मचारियों से अपशब्द कहे जाने के बाद कर्मचारियों ने खाद वितरण रोक दिया था। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिन किसानों के पास टोकन है, उन्हें खाद जरूर दी जाएगी। समझाइश के बाद किसानों ने विरोध खत्म किया, लेकिन यह घटना एक बार फिर खाद वितरण व्यवस्था पर सवाल खड़े कर गई है। अब देखना होगा कि प्रशासन किसानों की परेशानियों को कितनी जल्दी दूर कर पाता है।