सागर में चला निगम का बुलडोज़र ! राहतगढ़ बस स्टैंड ब्रिज के नीचे अवैध निर्माण ढहा |SAGAR TV NEWS|
सागर में नगर निगम की टीम ने राहतगढ़ बस स्टैंड ब्रिज के पास अवैध अतिक्रमण पर बड़ी कार्रवाई की है। निगमायुक्त राजकुमार खत्री के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई के दौरान ब्रिज के नीचे बने पक्के निर्माण और टीन शेड को बुलडोज़र से ढहा दिया गया। खास बात यह रही कि निगमायुक्त की अपील के बाद कई नागरिकों ने स्वयं ही अपना अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया। राहतगढ़ बस स्टैंड ब्रिज के नीचे स्थित झुग्गी बस्ती क्षेत्र में नगर निगम अतिक्रमण दस्ता सुबह से ही सक्रिय था।
यहां पुराने पशु बाजार के संचालन के लिए पक्के निर्माण और टीन शेड बनाए गए थे, लेकिन पशु बाजार के विस्थापन के बाद यह निर्माण अवैध हो गया था। इस पर निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने खुद मौके पर पहुंचकर कार्रवाई के निर्देश दिए। निगमायुक्त ने मौके पर मौजूद कर्मचारियों को निर्देश दिया कि क्षेत्र से मलबा और कचरा पूरी तरह साफ किया जाए। साथ ही यहां फैली सिंगल यूज़ प्लास्टिक, डिस्पोज़ल और अन्य गंदगी को कचरा गाड़ियों में भरवाकर स्वच्छता सुनिश्चित की जाए।
खत्री ने कहा कि सागर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने में ऐसे अभियानों की बड़ी भूमिका है। जब नागरिक स्वयं आगे बढ़कर सहयोग करते हैं, तभी शहर स्वच्छता रैंकिंग में नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकता है। उन्होंने मोतीनगर चौराहे का भी निरीक्षण किया, जहाँ अग्रवाल मार्केट के स्वामी ने सड़क चौड़ीकरण में सहयोग करते हुए अपने मार्केट का छज्जा खुद हटाया। निगमायुक्त ने ऐसे सभी सहयोगी नागरिकों को धन्यवाद दिया।
राजकुमार खत्री, नगर निगम आयुक्त, बताया कि शहर की सुंदरता और स्वच्छता तभी बढ़ेगी जब नागरिक खुद आगे आकर जिम्मेदारी निभाएंगे। हमारा लक्ष्य है—हर नागरिक तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुँचाना और सागर को स्वच्छता में देश में अग्रणी बनाना। निगम की इस पहल ने न सिर्फ शहर की तस्वीर बदली है, बल्कि नागरिकों में भी स्वच्छता और जिम्मेदारी की नई भावना जगाई है।