बारिश से बढ़ा जलस्तर, तिघरा डैम के तीन गेट खोले, अलर्ट पर कई गांव ! |SAGAR TV NEWS|
ग्वालियर में पिछले 36 घंटे से जारी रिमझिम और कभी-कभार तेज बरसात ने हालात बदल दिए हैं। लगातार हो रही वर्षा के चलते तिघरा जलाशय का जलस्तर तेजी से बढ़ा, जिसके बाद प्रशासन ने एहतियातन बड़ा कदम उठाया है। आज सुबह तिघरा डैम के तीन गेट 2-2 फीट तक खोल दिए गए। कार्यपालन यंत्री, जल संसाधन संभाग ग्वालियर के अनुसार, सुबह बांध का वर्तमान लेवल 739.75 फीट दर्ज किया गया। जल आवक बढ़ने और जलस्तर स्थिर रखने के लिए अतिरिक्त पानी छोड़ा जा रहा है। अधिकारी ने बताया कि बारिश जारी रहने पर जल निकासी बढ़ाई जा सकती है। फिलहाल, डैम से छोड़ा गया पानी सांक नदी में प्रवाहित किया जा रहा है। प्रशासन ने नदी के किनारे बसे ग्रामीणों को सतर्क रहने और किनारों से दूर रहने की चेतावनी जारी की है।
इस जल निकासी से ग्वालियर जिले के कई गांव प्रभावित क्षेत्र में आते हैं। तिघरा, कैथा, तालपुरा, महिदपुर, पृथ्वीपुर, कुलैथ, अगरा-भटपुरा, दुगनावली और तिलघना। इसके साथ ही मुरैना जिले के पहाड़ी, जखौदा और बामोर गांवों में भी प्रशासन ने एलर्ट जारी किया है। स्थानीय प्रशासन निगरानी में जुटा है और जरूरत पड़ने पर राहत दलों की तैनाती भी की जा सकती है। वहीं, शहरवासियों को अपील की गई है कि अनावश्यक रूप से नदी-नालों के आसपास न जाएं, क्योंकि जलस्तर अचानक बढ़ सकता है। ग्वालियर में मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे तक बारिश जारी रहने की संभावना जताई है। भारी पानी गिरने से शहर के निचले इलाकों में भी जलभराव बढ़ने की आशंका रहेगी।
बरसात ने ग्वालियर की रफ्तार थोड़ी धीमी की है, लेकिन प्रशासन हालातों पर लगातार नजर रखे हुए है। हमारी भी आपसे अपील—सावधानी ही सुरक्षा है।