सुनसान जगह खुदाई करते 7 आरोपी पकड़े, फिर सक्रिय ‘दफीना’ गिरोह! फॉर्च्यूनर व मशीन जब्त |SAGAR TV NEWS
मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में दफीना गिरोह एक बार फिर सक्रिय दिखाई दे रहा है। जहां-जहां ऐतिहासिक धरोहरें और दंतकथाएं मौजूद हैं, वहां गड़े हुए खजाने की तलाश में गिरोह रात के अंधेरे में खुदाई करने निकल पड़ते हैं। इसी चेन को आगे बढ़ाते हुए एक नया मामला सलेहा थाना क्षेत्र के भमरा गांव से सामने आया है। जानकारी के अनुसार, गांव के लोगों ने सुनसान इलाके में 7 संदिग्ध व्यक्तियों को खुदाई करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। कहा जा रहा है कि आरोपी लाइव डिटेक्टर मशीन और अन्य उपकरणों की मदद से गड़ा धन (Treasure) खोज रहे थे। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद सभी आरोपियों को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने मौके से एक फॉर्च्यूनर कार, कुछ नगद रकम और खुदाई में इस्तेमाल होने वाली सामग्री जब्त की है। पकड़े गए आरोपियों में 6 लोग मध्यप्रदेश के बाहर के बताए जा रहे हैं, जबकि 1 स्थानीय युवक पहले भी ऐसे मामलों में शामिल रह चुका है।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद भमरा गांव के लोगों में दहशत और जिज्ञासा दोनों का माहौल है। पुलिस ने बताया कि जादू-टोना जैसा अनुष्ठान भी आरोपी कर रहे थे, जिससे ग्रामीणों में और डर फैल गया। पन्ना जिले में यह नया मामला नहीं है। हाल ही में अजयगढ़ के ऐतिहासिक अजयहपाल किले और चौमुखनाथ मंदिर के पास भी खुदाई के कई गड्ढे मिले थे। ऐसे में यह साफ है कि बुंदेलखंड में दफीना गिरोह लंबे समय से सक्रिय है, और खजाने की खोज में इतिहास व विरासत को नुकसान पहुंचाने की कोशिश लगातार जारी है। अभी पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और शक है कि इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय है।
वंदना सिंह चौहान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पन्ना बोली देर शाम ग्रामीणों ने सुनसान जगह में कुछ लोगों को खुदाई करते देखा, जो अजीब तरह से जादू-टोना कर रहे थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी को पकड़ा। छह आरोपी प्रदेश के बाहर के हैं और एक पन्ना जिले का है, जो पहले भी इस तरह के मामलों में शामिल रहा है। फॉर्च्यूनर कार और अन्य सामग्री जब्त की गई है। फिलहाल जांच जारी है।