छठ पर बारिश की मार ! चंबल तट पर व्यवस्थाओं की खुली पोल, कीचड़ से परेशान श्रद्धालु !
उज्जैन के नागदा में आज छठ पर्व के पावन अवसर पर हजारों की संख्या में महिलाएं और श्रद्धालु चंबल तट पर उगते सूरज को अर्घ्य देने पहुंचे। लेकिन मौसम के बदले मिजाज़ और व्यवस्थाओं की कमी ने भक्ति और उत्साह के बीच काफी बाधाएं खड़ी कर दीं। तड़के सुबह से ही महिलाएं पूजा की टोकरी, फल और प्रसाद लेकर नदी तट पहुंचने लगीं। लेकिन लगातार हो रही बारिश ने लोगों को खासा परेशान किया।
चंबल तट पर जगह-जगह कीचड़ जमा था, जिससे श्रद्धालुओं को चलने और पूजा स्थल तक पहुँचने में मुश्किलों का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों ने साफ कहा कि नगर पालिका परिषद ने इस बार कोई विशेष तैयारी नहीं की। रोड से नदी घाट तक सफाई, प्रकाश और अस्थायी सुविधाओं की कमी साफ नजर आई। हालांकि पुलिस प्रशासन और राजस्व विभाग ने अपनी ओर से सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी।
नदी में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए NDRF की टीम और स्थानीय तैराक दस्ते को तैनात किया गया था, जो लगातार नदी में गश्त करते नजर आए। श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा घेरा बनाने के लिए पुलिस कर्मी लगातार सक्रिय दिखे।
नागदा एसडीएम रंजना पाटीदार ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता है। प्रशासन सतर्क है और सभी टीम मौके पर मौजूद हैं। नागदा सीएसपी विक्रम अहिरवार ने बताया कि सुरक्षा दृष्टि से सभी आवश्यक इंतज़ाम किए गए हैं। हम पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
भले ही श्रद्धालु पूरी आस्था के साथ पहुंचे, लेकिन बारिश और अव्यवस्था ने छठ पूजा के माहौल को चुनौती दी। अब देखने वाली बात यह होगी कि आगामी त्योहारों में नगर पालिका इस स्थिति से सबक लेकर तैयारी में सुधार करती है या नहीं।