Sagar- खुरई में नकली खाद का काला कारोबार उजागर, पुलिस ने जब्त की 50 बोरी डीएपी !
एक तरफ किसान रबी सीजन की बोवनी की तैयारी में जुटे हैं, तो दूसरी ओर कुछ शातिर व्यापारी उनकी मेहनत पर चोट कर रहे हैं। सागर जिले के खुरई में पुलिस ने ऐसी ही बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 बोरी नकली डीएपी खाद जब्त की है। मामला किसानों की सुरक्षा और कृषि तंत्र की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़ा कर रहा है।
खुरई क्षेत्र में नकली खाद का कारोबार जोरों पर है। भोले-भाले किसानों को असली बताकर नकली खाद बेचा जा रहा है। ताज़ा मामला खुरई शहरी थाना क्षेत्र का है, जहाँ पुलिस ने एक ट्रैक्टर से 50 बोरी डीएपी खाद जब्त की है।
जानकारी के अनुसार, गढ़ोला नाका निवासी रिंकू ठाकुर ट्रैक्टर (जिस पर कोई नंबर दर्ज नहीं था) से खाद लेकर जा रहा था। पुलिस ने शक के आधार पर वाहन को रोका और जांच की तो खाद के थैलों में नकली डीएपी पाया गया। जब्त की गई खाद की अनुमानित कीमत ₹72,500 बताई जा रही है।
मौके पर पहुंची कृषि विभाग की टीम ने खाद का प्राथमिक परीक्षण किया, जिसमें डीएपी नकली साबित हुआ। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
वहीं, कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे खाद सिर्फ पंजीकृत दुकानों से ही खरीदें और किसी संदिग्ध विक्रेता से डील न करें। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि नकली खाद का यह नेटवर्क पहले भी सक्रिय रहा है।
राजू चौहान कृषि विस्तार अधिकारी ने बताया कि किसानों से निवेदन है कि किसी अनजान व्यक्ति से खाद न खरीदें। केवल सरकारी लाइसेंस प्राप्त विक्रेताओं से ही खाद लें।
खुरई पुलिस की इस कार्रवाई से एक बड़ा घोटाला उजागर हुआ है, लेकिन सवाल यह है — क्या इस खेल के पीछे और भी बड़े खिलाड़ी हैं? जांच में यह खुलासा जल्द होगा।