Sagar- ट्रैफिक व्यवस्था ठप ! दो घंटे तक जाम में फंसे वाहन, युवाओं ने संभाली सड़कों की कमान
सागर जिले के खुरई शहर में ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। शहर से नेशनल हाईवे गुजरने के कारण भारी वाहनों की लगातार आवाजाही बनी रहती है। परिणाम — आए दिन लगते जाम, बढ़ते हादसे और परेशान जनता। बीती रात परसा चौराहा इसका जीता-जागता उदाहरण बन गया, जब सड़क पर करीब दो घंटे तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। खुरई शहर में इस समय यातायात व्यवस्था पूरी तरह भगवान भरोसे चल रही है। यहां का एकमात्र ट्रैफिक पुलिसकर्मी चार महीने पहले ट्रांसफर हो गया, लेकिन अब तक उसकी जगह किसी को नहीं भेजा गया। इस लापरवाही का खामियाज़ा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है।
बीती रात परसा चौराहा पर अचानक जाम लग गया। भारी वाहनों के फंसने से संपूर्ण यातायात ठप हो गया। लोग घंटों फंसे रहे, लेकिन ट्रैफिक पुलिस का कोई जवान मौके पर नहीं पहुंचा। स्थिति बिगड़ती देख वहां मौजूद स्थानीय युवाओं ने कमान संभाली। उन्होंने खुद ही सड़क पर उतरकर वाहनों को एक-एक कर निकालना शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद जाम खुला और यातायात सामान्य हो पाया। करीब दो घंटे की जद्दोजहद के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
लोगों का कहना है कि प्रशासन को बार-बार शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक न तो ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की गई है और न ही भारी वाहनों के लिए बने बाईपास मार्ग का पालन कराया जा रहा है। स्कूल छुट्टी के समय तो स्थिति और भी विकट हो जाती है। जितेंद्र सिंह ठाकुर मददगार ने बताया कि हमने खुद सड़क पर उतरकर वाहनों को निकाला, नहीं तो पूरी रात लोग फंसे रहते। प्रशासन को जल्द कदम उठाना चाहिए। फिलहाल शहरवासी प्रशासन से यही मांग कर रहे हैं कि खुरई में तुरंत ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाए ताकि रोजमर्रा की परेशानियों से लोगों को राहत मिल सके।