सागर- बीना में किसानों का फूटा गुस्सा! मंडी बैठक रद्द होते ही किया चक्काजाम |SAGAR TV NEWS|
सागर जिले के बीना में किसानों का गुस्सा फुट पड़ा। कृषि उपज मंडी में तौल और हम्माली की समस्याओं को लेकर बुलाई गई बैठक को अचानक स्थगित कर दिया गया। बैठक रद्द होने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पहुंचे किसानों ने मंडी गेट बंद कर चक्काजाम कर दिया और जोरदार विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। दरअसल, बीना तहसील सभाकक्ष में किसानों की उपज की तौल, हम्माली और भावांतर योजना में आ रही दिक्कतों को लेकर बैठक तय की गई थी। इस बैठक में मंडी बोर्ड के संयुक्त संचालक, एसडीएम, व्यापारी संघ के पदाधिकारी और हम्माल-तुलावटी संघ के प्रतिनिधियों को शामिल होना था।
लेकिन जैसे ही किसानों को पता चला कि यह बैठक बिना किसी पूर्व सूचना के रद्द कर दी गई है, तो नाराज किसानों ने कृषि उपज मंडी के मुख्य गेट पर धरना शुरू कर दिया। किसानों ने मांग उठाई कि उनकी उपज की तौल केवल धर्मकांटे पर कराई जाए, और उनसे हम्माली व तौल के नाम पर 16 रुपए अतिरिक्त न वसूले जाएं। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने मंडी गेट पूरी तरह बंद कर दिया और किसी भी वाहन को अंदर-बाहर नहीं जाने दिया। करीब एक घंटे तक मंडी गेट पर चक्काजाम की स्थिति बनी रही।
विरोध की जानकारी मिलते ही तहसीलदार अंबर पंथी मौके पर पहुंचे और किसानों को समझाने की कोशिश की। उन्होंने किसानों को आश्वासन दिया कि अब 3 नवंबर को बैठक दोबारा आयोजित की जाएगी, जिसमें सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहेंगे। तहसीलदार के आश्वासन के बाद किसानों ने अपना प्रदर्शन खत्म कर दिया और मंडी गेट खोला गया। फिलहाल, किसानों को अब 3 नवंबर की बैठक का इंतज़ार है। किसानों का कहना है कि अगर इस बार भी समाधान नहीं हुआ, तो आंदोलन और तेज़ किया जाएगा।