कलेक्टर की फर्जी आईडी से फ्रॉड का शक! कलेक्टर की जनता से सीधी अपील
कलेक्टर की फर्जी आईडी से फ्रॉड का शक! कलेक्टर की जनता से सीधी अपील
मेरी कोई सोशल मीडिया आईडी
नहीं है- कलेक्टर का बड़ा बयान!
एमपी के सागर संभाग के दमोह से बड़ी खबर — जिले के कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर की फर्जी सोशल मीडिया आईडी बनाकर किसी द्वारा ठगी की आशंका जताई जा रही है। जैसे-जैसे इंटरनेट और सोशल मीडिया का दायरा बढ़ा है, वैसे-वैसे साइबर फ्रॉड और फेक अकाउंट्स का खतरा भी तेजी से बढ़ता जा रहा है। इसी बीच दमोह कलेक्टर ने खुद जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध आईडी या मैसेज पर भरोसा न करें। जानकारी के मुताबिक, कुछ दिनों पहले कलेक्टर सुधीर कोचर विदेश यात्रा पर वियतनाम गए थे। इसी दौरान किसी ने उनके नाम से फर्जी सोशल मीडिया आईडी बनाकर लोगों से संपर्क करने की कोशिश की। जब यह मामला उनके संज्ञान में आया तो उन्होंने तुरंत साइबर पुलिस और ई-गवर्नेंस अधिकारियों को जांच के आदेश दिए।
कलेक्टर ने कहा मेरी ऐसी किसी भी प्रकार की आईडी किसी भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर नहीं है। यदि कोई मेरे नाम से संदेश भेजे, बात करे या पैसे मांगे, तो यह पूरी तरह फर्जी और साइबर फ्रॉड है। ऐसे किसी भी व्यक्ति से न बातचीत करें और न ही कोई आर्थिक लेनदेन। उन्होंने यह भी कहा कि फर्जी आईडी और साइबर ठगी से बचने के लिए जागरूकता ही सबसे बड़ा हथियार है। कोई भी संदिग्ध लिंक, मैसेज या कॉल मिलने पर तुरंत साइबर सेल या पुलिस कंट्रोल रूम में शिकायत करें। कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि सावधान रहें, सतर्क रहें और अफवाहों से दूर रहें। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रशासन लगातार ऐसे मामलों पर नजर रखे हुए है, ताकि किसी को भी ठगी का शिकार न होना पड़े।