Sagar- बेटी की मौत पर भड़का गुस्सा, सड़क पर उतरे लोग!, हाइवे जाम करने वालों पर पुलिस का शिकंजा !
सागर जिले के मालथौन थाना क्षेत्र से बड़ी खबर — बरोदिया कलां नेशनल हाइवे जाम मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। नेशनल हाइवे-44 को घंटों जाम करने वालों पर पुलिस ने 6 लोगों को नामजद और 40 से 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
घटना बुधवार 22 अक्टूबर 2025 की है, जब बरोदिया कलां गांव की एक नाबालिग लड़की ने ऐसा कर सबको चौंका दिया था। परिजनों ने आरोप लगाया था कि गांव के ही रविंद्र घोषी की वजह से उनकी बेटी ने यह ऐसा किया। गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर नेशनल हाइवे-44 पर चक्काजाम कर दिया।
थाना प्रभारी अशोक यादव ने बताया कि करीब 40 से 50 लोगों ने सड़क पर पत्थर और लकड़ियाँ रखकर रास्ता बंद कर दिया था। लोगों ने पुलिस की समझाइश के बावजूद शव हटाने से इनकार कर दिया। करीब 4 से 5 घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा। कई छोटे-बड़े वाहन, बसें और एम्बुलेंस भी जाम में फंसी रहीं। आखिरकार पुलिस ने समझाइश और अतिरिक्त बल की मदद से सड़क को खुलवाया और शव को हटवाया।
पुलिस ने बताया कि यह प्रदर्शन बिना अनुमति और सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का उल्लंघन था। इस मामले में प्रदीप पटेल, रवि पटेल, जनक कुशवाहा, अरविंद उर्फ अरबू पटेल, मोहन पटेल और नारायण कुशवाहा के नाम पर मामला दर्ज किया गया है, साथ ही 40-50 अन्य अज्ञात लोगों की पहचान की जा रही है।
पुलिस ने इन सभी के खिलाफ धारा 126(2), 189(2) और 190 BNS के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, गांव में अब भी माहौल तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में बताया जा रहा है।