पैसों के लेनदेन को लेकर तीन पक्षों में कहासुनी फिर पुलिस पर भी हुआ पथराव ! तीन थानों की आई पुलिस
एमपी के शिवपुरी शहर में बीती रात उस वक्त हड़कंप मच गया जब पैसों के लेनदेन को लेकर तीन पक्षों के बीच कहासुनी ने खूनी झगड़े का रूप ले लिया। विवाद इतना बढ़ गया कि महिलाओं ने भी मोर्चा संभाल लिया और देखते ही देखते मामला बवाल में बदल गया। घटना फिजिकल थाना और देहात थाना क्षेत्र के सइसपुरा और काली माई मंदिर इलाके की बताई जा रही है, जहां पुराने पैसों के विवाद को लेकर देर रात तीनों पक्ष आमने-सामने आ गए।
पहले गाली-गलौज, फिर मारपीट और उसके बाद जमकर पथराव शुरू हो गया। सूचना मिलते ही तीनों थानों की पुलिस— फिजिकल, कोतवाली और देहात थाना— मौके पर पहुंची। लेकिन स्थिति इतनी तनावपूर्ण थी कि भीड़ ने पुलिस टीम पर भी पथराव कर दिया। इस दौरान एक आरक्षक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके सिर पर आठ टांके लगाने पड़े। घायल आरक्षक का जिला अस्पताल में इलाज जारी है।
हालात बेकाबू होते देख अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। तीनों थानों की टीमों ने मिलकर भीड़ को खदेड़ा और स्थिति को काबू में किया। देर रात तक इलाके में पुलिस बल तैनात रहा ताकि कोई अप्रिय स्थिति न बने। पुलिस ने तीनों पक्षों के खिलाफ क्रॉस केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं इलाके में तनाव को देखते हुए शांति समिति की बैठक बुलाने की तैयारी की जा रही है। सिटी एसपी शिवपुरी संजय चतुर्वेदी ने बताया कि घटना के पीछे पुराना पैसों का विवाद सामने आया है। पुलिस ने सभी आरोपियों की पहचान कर ली है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।