Sagar - हड़ली में धूमधाम से मनाया गया गोवर्धन अन्नकूट उत्सव, मौनियों का नृत्य बना आकर्षण
सागर के मालथौन जनपद की ग्राम पंचायत हड़ली की गौशाला में गोवर्धन अन्नकूट पूजन का आयोजन उत्साह और श्रद्धा के साथ किया गया। पूरे गांव में धार्मिक माहौल छाया रहा। सुबह से ही ग्रामीणों की भीड़ गौशाला में जुटने लगी। महिलाएं पारंपरिक परिधानों में सजी-धजीं पहुंचीं और सामूहिक रूप से गोवर्धन पूजा संपन्न की। गौवंश के पूजन के साथ भगवान श्रीकृष्ण की आराधना कर गांव की खुशहाली और समृद्धि की कामना की गई। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण बगोदा गांव से आए मौनियों का पारंपरिक नृत्य रहा। उन्होंने लोकगीतों की धुन पर ऐसा मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया कि ग्रामीण भी झूम उठे।
वहीं, ग्रामीण कलाकारों द्वारा गाए गए पारंपरिक दिवारी गीतों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग सभी नाचे-झूमे और आनंद में सराबोर दिखे। मां जागेश्वरी महिला स्व सहायता समूह की महिलाओं ने गौशाला परिसर को आकर्षक रंगोलियों से सजाया। वहीं गोवर्धन पर्वत का सुंदर प्रतिरूप बनाकर उसकी पूजा की गई। सरपंच चंदा आदिवासी ने इस अवसर पर उपस्थित ग्रामीणों को शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी और समाज में एकजुटता तथा सहयोग की भावना बनाए रखने का आह्वान किया। इस दौरान गौवंश का पूजन हुआ। कार्यक्रम के अंत में सामूहिक रूप से अन्नकूट प्रसादी और स्वल्पाहार का वितरण किया गया। ग्रामीणों ने उत्सव का आनंद लिया और आतिशबाजी ने पूरे वातावरण को रोशन कर दिया।
हड़ली गौशाला का यह आयोजन सामाजिक एकता, लोक परंपरा और धार्मिक आस्था का अद्भुत संगम बनकर गांववासियों की स्मृतियों में बस गया। इस मौके पर अभिषेक तिवारी बोबई, पूर्व सरपंच सूरत सिंह लोधी, राजाराम हड़ुआ, मंगल सिंह लोधी, वीरेंद्र लोधी, अरविंद लोधी, पर्वत लोधी, हरपाल सिंह, जगभान पटेल, हरिराम रजक, सहित आजीविका मिशन, पशुपालन विभाग, ग्राम पंचायत के अधिकारी, कर्मचारी मौजूद थे। साथ ही हड़ली, बोबई, सागौनी, बगोदा, हड़ुआ, गनेशपुरा सहित आसपास के अनेक गांवों के लोग भी कार्यक्रम में शामिल हुए।