टमाटर से भरा ट्रक पलटा, बच्चा फंसा रहा अंदर, क्रेन से चला रेस्क्यू ऑपरेशन, तीन लोग पहुंचे अस्पताल
एमपी के शाजापुर जिले में नेशनल हाईवे-52 पर देर रात एकभीषण सड़क हादसा हो गया। बिजाना जोड़ के पास होटल प्राइड के समीप टमाटर से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें चार लोग सवार थे। हादसे में एक 15 वर्षीय बच्चा ट्रक में फंस गया, जबकि अन्य तीन लोग घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक, यह ट्रक नासिक से टमाटर लेकर गोरखपुर जा रहा था। बताया जा रहा है कि हाईवे पर अचानक सामने आई गाड़ी को बचाने के चक्कर में चालक ने नियंत्रण खो दिया और ट्रक सड़क किनारे पलट गया।
पलटने के बाद ट्रक से टमाटर सड़क पर बिखर गए और केबिन में बैठा बच्चा अंदर ही फंस गया। राहगीरों ने तुरंत हादसे की सूचना 108 एंबुलेंस और 1033 हेल्पलाइन पर दी, लेकिन 30 मिनट गुजर जाने के बाद भी कोई सहायता मौके पर नहीं पहुंची। हालात बिगड़ते देख कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और राहगीरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस और क्रेन ऑपरेटरों ने फंसे बच्चे को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल बच्चे और अन्य तीन घायलों को 108 एंबुलेंस के ज़रिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां सभी का इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक बच्चे की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। घटना के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने कुछ देर बाद नियंत्रित किया। हादसे की खबर फैलते ही आसपास के गांवों के लोग भी मौके पर पहुंच गए। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।