Sagar -भाईदूज बनेगा ऐतिहासिक दिन, बहनों के खाते में पहुंचेगा 1500 रुपए | बोले मंत्री
सागर जिले के नरयावली विधानसभा क्षेत्र के पड़रई स्थित श्री राधा रानी गौशाला में दीपावली के बाद गोवर्धन पूजा का आयोजन हुआ। इस अवसर पर मध्यप्रदेश के खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने विधायक प्रदीप लारिया, कलेक्टर संदीप जी.आर. और जनप्रतिनिधियों के साथ गोवर्धन पूजा कर गौ माता को घास और गुड़ खिलाया। मंत्री ने कहा कि भाईदूज का दिन प्रदेश की बहनों के लिए ऐतिहासिक होने जा रहा है, जब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बहनों के बैंक खातों में 250 रुपए की अतिरिक्त राशि ट्रांसफर करेंगे।
इसके बाद बहनों को कुल 1500 रुपए की सहायता राशि मिलने लगेगी। उन्होंने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री ने इस राशि को 3000 रुपए तक बढ़ाने का वादा किया है। राजपूत ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार के माध्यम से गौशालाओं का संचालन सफलतापूर्वक किया जा रहा है, और इसी प्रयास का नतीजा है कि पड़रई की गौशाला मिसाल बन चुकी है। उन्होंने कहा कि दीपावली से लेकर देवउठनी ग्यारस तक चलने वाला यह पर्व हमारे देश की धार्मिक और सांस्कृतिक एकता को दर्शाता है।
विधायक प्रदीप लारिया ने कहा कि बुंदेलखंड की धरती धर्म और संस्कृति की भूमि है। यहां प्रकृति की पूजा होती है और महिलाएं आत्मनिर्भर भारत की नींव हैं। सरकार के सहयोग से स्व-सहायता समूह की महिलाएं गौशालाएं चला रही हैं, जिससे उन्हें आर्थिक सशक्तिकरण मिल रहा है। कार्यक्रम में मंत्री राजपूत ने महिलाओं द्वारा तैयार स्थानीय उत्पादों का निरीक्षण किया और कहा कि हमें प्राकृतिक खेती और जैविक खाद के उपयोग को बढ़ावा देना चाहिए। कार्यक्रम में कलेक्टर संदीप जी.आर., एसडीएम अमन मिश्रा, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण और महिलाएं उपस्थित रहीं।