Sagar - दीपावली की खरीदारी कर वापस घर लौट रही थीं महिलाएं, पटरी पार करते समय हो गई अनहोनी
दीपावली की खरीददारी करके वापस घर लौट रहीं 2 बुजुर्ग महिलाएं ट्रेन की चपेट में आ गईं। हादसे में एक महिला की मौके पर ही जान चली गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हुई है। घटना रविवार शाम करीब 5 बजे राहतगढ़ बस स्टैंड के पास की है।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची , वहीं घायल महिला को एम्बुलेंस की मदद से गंभीर हालत में इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। इस दौरान रेलवे ट्रैक पर अव्यवस्था नजर आई। इतना बड़ा हादसा होने के बाद भी लोग बेरोकटोक पटरियां पार कर रहे थे। स्थानीय लोगों ने बताया कि राहतगढ़ बस स्टैंड फाटक पर हर रोज ही यह स्थिति रहती है। महिला की मौत के मामले में पुलिस ने मर्ग कायम करते हुए जांच में लिया है।
पुलिस के अनुसार तुलसीनगर वार्ड स्थित खुशीपुरा निवासी राजरानी अहिरवार उम्र 80 साल एक अन्य 60 वर्षीय महिला के साथ दीपावली की खरीददारी करने कटरा बाजार गई थीं। दोनों महिलाएं राहतगढ़ बस स्टैंड के पास स्थित रेलवे गेट के पास पैदल रेलवे पटरियां पार कर रही थीं, इसी दौरान ट्रेन आ गई। बुजुर्ग महिलाएं ट्रेन का अंदाजा नहीं लगा सकीं।
तेज रफ्तार ट्रेन की टक्कर लगने से दोनों महिलाएं उछलकर पटरी के किनारे गिरी। हादसे में 80 वर्षीय राजरानी अहिरवार को सिर, पैर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी महिला उम्र करीब 60 साल को गंभीर हालत में इलाज के लिए बीएमसी में भर्ती कराया गया है।