सागर कलेक्टर और एसपी ने बाजार में की जमकर खरीदारी, प्रशासन का लोकल फॉर वोकल अभियान तेज़
सागर में दीपावली उत्सव के बीच लोकल फॉर वोकल अभियान को नया जनसमर्थन मिला है। जिले के कलेक्टर संदीप जी आर और पुलिस अधीक्षक विकास शाहवाल ने शनिवार सुबह मकरोनिया और रजाखेड़ी बाजार पहुंचकर स्थानीय दुकानदारों से जमकर खरीदारी कर एक सशक्त संदेश दिया। उन्होंने न केवल मिट्टी के दीए और पूजा सामग्री खरीदी,
बल्कि आम लोगों से भी अपील की कि वे स्वदेशी उत्पादों को अपनाकर स्थानीय व्यापारियों को समर्थन दें। कलेक्टर और एसपी के साथ अपर कलेक्टर अविनाश रावत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव उईके, लोकेश सिन्हा, सिटी मजिस्ट्रेट अमन मिश्रा और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। टीम ने बाजार में घूमकर मिट्टी के दीए, ग्वालन चकरी, गुल्लक, डबूलिया, बताशा, लाई, मोरपंख और रंगोली जैसी परंपरागत पूजा सामग्री खरीदी।
खरीदारी के दौरान अधिकारियों ने स्थानीय कारीगरों, दुकानदारों और महिलाओं से बातचीत की और उन्हें त्योहार की शुभकामनाएं दीं। कलेक्टर ने कहा, “दीवाली साल में एक बार आती है, लेकिन इसका हर सौदा स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का मौका देता है। जब आप स्वदेशी वस्तुएं खरीदते हैं, तो आप सिर्फ पूजा नहीं, किसी परिवार की आजीविका को भी रोशन करते हैं। पुलिस अधीक्षक विकास शाहवाल ने भी लोगों से अपील की कि दीपोत्सव की रोशनी सिर्फ बाजारों में नहीं, बल्कि स्थानीय दुकानदारों के घरों तक पहुंचनी चाहिए।
उन्होंने बताया कि लोकल फॉर वोकल से छोटे व्यापारियों को आर्थिक संबल मिलता है और हमारी सांस्कृतिक विरासत जीवित रहती है। अधिकारियों की इस पहल के बाद बाजारों में उत्साह बढ़ गया। दुकानदारों ने उन्हें धन्यवाद देते हुए कहा कि प्रशासन की ये पहल दिवाली से पहले उनके लिए तोहफे से कम नहीं है। कलेक्टर और एसपी ने दुकानदारों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए भरोसा जताया कि सागर जिला स्वदेशी अपनाने में पूरे प्रदेश के लिए मिसाल कायम करेगा।