धनतेरस पर कलेक्टर का अनोखा तोहफ़ा: दो किसानों की ज़मीन छुड़ाकर लौटाया हक़
एमपी के मुरैना से एक प्रेरणादायक खबर सामने आई है। धनतेरस के पावन अवसर पर जिला प्रशासन ने ऐसा कदम उठाया, जिसने दो किसानों के जीवन में उम्मीद की नई रोशनी जला दी। कैलारस तहसील के ठाटीपुरा गांव में आदिवासी किसान बीरू और किसान राम अख्तियार गुर्जर की जमीन लंबे समय से अतिक्रमणकारियों के कब्जे में थी। दोनों ने अपने हक़ के लिए जिला कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ से जनसुनवाई में गुहार लगाई थी।
कलेक्टर ने आवेदन मिलते ही कैलारस तहसीलदार नरेश शर्मा को कार्रवाई के निर्देश दिए। तहसीलदार की ओर से आदेश तो जारी हुआ, लेकिन अतिक्रमणकारी उसे मानने को तैयार नहीं थे। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम भेजी।
कार्रवाई के दौरान सात अतिक्रमणकारियों से जमीन को मुक्त कराया गया और दोनों किसानों को तत्काल कब्जा सौंपा गया। इतना ही नहीं, सभी सातों आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें एक-एक लाख रुपए के बाउंड ओवर पर छोड़ा गया। प्रशासन ने साफ संदेश दिया कि किसी की निजी भूमि पर अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं होगा।
गांव में कार्रवाई होते ही माहौल बदल गया। बीरू आदिवासी और राम अख्तियार गुर्जर के घर धनतेरस के दिन ही दिवाली मन गई। दोनों किसानों ने प्रशासन का आभार जताते हुए कहा कि यह दिन उनके लिए किसी त्योहार से कम नहीं।
इस कार्रवाई ने ग्रामीण क्षेत्र में मिसाल पेश की है। स्थानीय लोगों ने भी सराहा कि प्रशासन ने सामान्य किसान की आवाज़ को सुना और समय पर न्याय दिया।