कटनी-दमोह रोड पर बस और ट्रक आये आमने-सामने फिर दो दर्जन यात्री पहुंचे अस्पताल |SAGAR TV NEWS|
एमपी के कटनी-दमोह मार्ग पर शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। ग्राम जमुनिया के पास सुबह करीब 7:30 बजे यात्रियों से भरी बस और एक ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। भिड़ंत इतनी भयानक थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और कई यात्री अंदर ही फंसकर कराह उठे। हादसे के कुछ ही क्षण बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
आसपास के ग्रामीण दौड़कर घटनास्थल पर पहुंचे और तुरंत राहत कार्य शुरू कर दिया। लोगों ने क्षतिग्रस्त बस के शीशे तोड़कर अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और सड़क किनारे सुरक्षित स्थानों पर लिटाया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। एम्बुलेंसों की मदद से सभी घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, करीब दो दर्जन यात्री घायल हुए हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हैं।
एक एम्बुलेंस चालक ने बताया कि "हम जैसे ही सूचना मिली, तुरंत तीन एम्बुलेंस लेकर पहुँचे। कई लोग बस में फंसे हुए थे जिन्हें ग्रामीणों की मदद से बाहर निकाला गया। गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर ट्रैफिक को डायवर्ट किया और जाम की स्थिति को नियंत्रित किया। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और ओवरटेकिंग को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। बस के चालक और ट्रक से संबंधित दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस तेज गति से कटनी की ओर जा रही थी, जबकि ट्रक दमोह की दिशा से आ रहा था। सड़क का मोड़ संकरा होने के कारण यह टक्कर हुई। स्थानीय प्रशासन ने घायलों के बेहतर इलाज का आश्वासन दिया है। घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से होने वाले हादसों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। त्योहारों के बीच इस दर्दनाक दुर्घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है।