पुलिस ने निकाला जुलूस, हॉस्पिटल में पुलिसकर्मियों से बड़ी कहासुनी करने वाला गिरफ्तार
एमपी के रतलाम जिला अस्पताल से जुड़ा एक चौंकाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसमें एक युवक और एक महिला पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट करते नज़र आए। वीडियो सामने आते ही पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया और आरोपी युवक को गिरफ्तार कर शहर में उसका जुलूस निकाल दिया गया। यह घटना जिला अस्पताल के ड्रेसिंग रूम में हुई थी।
वीडियो में साफ दिख रहा है कि एक युवक पुलिस आरक्षक विकास गरवाल और नगर सैनिक प्रमोद के साथ हाथापाई कर रहा है। युवक ज़ोर-जोर से चिल्लाते हुए पुलिसकर्मियों पर शराब के नशे में होने के आरोप लगाता है और कहता है—“इनका मेडिकल कराओ, ये नशे में हैं।” आसपास बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे, जो घटना का वीडियो अपने मोबाइल से बना रहे थे। जानकारी के अनुसार, युवक अपने किसी परिजन को इलाज के लिए लेकर अस्पताल पहुंचा था, जहां डॉक्टर से उसका विवाद हो गया। मामला बढ़ा तो अस्पताल चौकी से पुलिसकर्मियों को बुलाया गया, लेकिन मौके पर पहुंचते ही युवक ने उल्टा उन्हीं पर हमला कर दिया।
यह घटना 15 अक्टूबर 2025 की रात की बताई जा रही है। मामले की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सक्रिय हुए और तुरंत दोनों पुलिसकर्मियों का मेडिकल परीक्षण कराया गया। रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि दोनों ड्यूटी पर तैनात जवान नशे में नहीं थे। इसके बाद पता चला कि युवक की पहचान गौरव पिता राजेंद्र सिंह सोलंकी के रूप में हुई।
उसने बिना किसी कारण न केवल पुलिसकर्मियों से बदसलूकी की, बल्कि हॉस्पिटल स्टाफ से भी अभद्र व्यवहार किया। पुलिस ने दोनों जवानों की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर सड़कों पर उसका जुलूस निकालकर सख्त संदेश दिया कि वर्दी पर हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।