Sagar- किसानों की सुरक्षा पर खतरा: खेत की फेंसिंग तोड़कर केबिल चोरी
सागर जिले के खुरई में चोरों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब खेतों में रखे कृषि उपकरण भी सुरक्षित नहीं बचे। कुशाभाऊ ठाकरे वार्ड में हुई एक घटना ने किसानों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। खेत की फेंसिंग तोड़कर चोरों ने मोटर पंप की केबिल चोरी कर ली। यह घटना खुरई सागर रोड स्थित कुशाभाऊ ठाकरे वार्ड की है। यहां किसान नारायण सिंह यादव का खेत है, जो उनके मकान के ठीक पास ही स्थित है।
खेत की चारों तरफ तार फेंसिंग की गई थी और अंदर ट्यूबवेल लगा हुआ है। कुछ दिन पहले ट्यूबवेल की मोटर जल गई थी, जिसे मरम्मत के लिए निकाला गया था। मोटर की केबिल वहीं खेत में रखी रह गई थी। जब नारायण सिंह आज सुबह खेत में पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि केबिल गायब है। जांच की तो पता चला कि पीछे की तरफ से फेंसिंग को तोड़ा गया है। इसी रास्ते से चोर खेत में दाखिल हुए और चोरी को अंजाम दिया।
पीड़ित किसान ने बताया कि इस इलाके में पहले भी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन इस बार चोर सीधे तारबंदी तोड़कर घुस आए, जिससे ग्रामीणों में दहशत है। किसान का कहना है कि रात में खेतों की निगरानी करना अब मुश्किल होता जा रहा है, क्योंकि चोर सुनसान जगहों को टारगेट कर रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही किसान ने शहरी थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। हालांकि अभी तक चोरों का कोई सुराग नहीं लगा है। किसानों का आरोप है कि गश्त के अभाव में वारदातें बढ़ रही हैं।
महंगाई के दौर में मोटर, तार और केबिल जैसे उपकरणों की चोरी से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। नारायण सिंह यादव पीड़ित किसान ने बताया कि हम समझ रहे थे कि तार फेंसिंग होने से खेत सुरक्षित है, लेकिन चोरों ने उसे तोड़कर अंदर घुसकर केबिल तक निकाल ली। पुलिस में रिपोर्ट कर दी है, लेकिन सवाल ये है कि आखिर किसान अपना सामान कहां सुरक्षित रखें? इस घटना ने ग्रामीण इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।