सागर- राहतगढ़ शासकीय कॉलेज में अव्यवस्थाओं का विरोध, ABVP ने किया धरना-पदर्शन |SAGAR TV NEWS|
सागर जिले के राहतगढ़ में शासकीय महाविद्यालय की अव्यवस्थाओं से परेशान छात्रों का गुस्सा आखिरकार फूट पड़ा। सोमवार को ABVP के नेतृत्व में कॉलेज परिसर में जोरदार धरना-पदर्शन किया गया। इस दौरान छात्रों ने कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्राचार्य के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारी छात्रों का आरोप है कि महाविद्यालय में वर्षों से अव्यवस्थाओं का अंबार लगा हुआ है, लेकिन प्रबंधन पूरी तरह मौन है। कॉलेज परिसर में बाहरी और असामाजिक तत्वों का बिना रोक-टोक आना-जाना होता है, जिससे छात्राओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है। महाविद्यालय में स्वच्छता की स्थिति बदहाल बताई गई।
छात्रों का कहना है कि न तो परिसर में नियमित सफाई होती है और न पीने के साफ पानी की व्यवस्था है। साइंस विषयों की पढ़ाई कर रहे छात्रों के लिए प्रैक्टिकल लैब की सुविधा नहीं है। वहीं कई विषयों के शिक्षक समय पर कॉलेज नहीं पहुंचते, जिससे कक्षाएं बाधित होती हैं।
छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि खेल मैदान की कोई व्यवस्था नहीं है और गर्ल्स कॉमन रूम को स्टाफ रूम में बदल दिया गया है। ताजा मामला छात्रा नंदिनी शर्मा का भी उठाया गया, जो सप्लीमेंट्री परीक्षा नहीं दे सकी क्योंकि कॉलेज स्टाफ की लापरवाही से उसका पेपर समय पर दर्ज नहीं किया गया। प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने कहा कि कॉलेज प्रशासन की उदासीनता के चलते उनकी पढ़ाई बाधित हो रही है और भविष्य संकट में है।
ABVP कार्यकर्ताओं ने प्राचार्य के नाम ज्ञापन सौंपकर सभी समस्याओं के तत्काल समाधान की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं किए गए तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। ABVP नेताओं ने कहा कि यह धरना सिर्फ शुरुआत है, अगर कॉलेज प्रशासन ने लापरवाही बंद नहीं की तो छात्र संगठन उग्र आंदोलन की राह अपनाएगा।