महाकाल के दरबार में विशेष मेहमान, सूर्यकुमार यादव और पीएम मोदी की पत्नी जसोदा बेन ने टेका माथा
एमपी के उज्जैन के विश्वप्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में एक बार फिर देश की चर्चित हस्तियों का आगमन देखने को मिला। सोमवार की सुबह और रविवार शाम मंदिर परिसर में धार्मिक आस्था और श्रद्धा का वो नजारा दिखा जिसने सभी का ध्यान खींचा। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव अपनी पत्नी के साथ बाबा महाकाल की संध्या आरती में शामिल हुए, तो वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पत्नी जसोदा बेन पटेल ने भी गर्भगृह की चौखट पर मत्था टेककर आशीर्वाद लिया। रविवार शाम सूर्यकुमार यादव अपने पारिवारिक सदस्यों के साथ महाकाल मंदिर पहुंचे। लगभग 30 मिनट तक वे मंदिर परिसर में रहे और संध्या आरती में विधिविधान से शामिल हुए। नंदी हाल में बैठकर उन्होंने शिव आराधना की और गर्भगृह की चौखट पर झुककर बाबा महाकाल का आशीर्वाद लिया।
इसी क्रम में सोमवार की सुबह पीएम मोदी की पत्नी जसोदा बेन पटेल भी महाकाल दर्शन को पहुंचीं। उन्होंने शांत भाव से गर्भगृह में मत्था टेका और नंदी हाल में बैठकर ध्यानमग्न होकर पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर में रहते हुए उन्होंने किसी तरह की पब्लिसिटी नहीं चाही और सामान्य श्रद्धालु की तरह दर्शन किए। मंदिर के पुजारियों ने दोनों वीआईपी श्रद्धालुओं को बाबा महाकाल का प्रसाद, दुपट्टा और तस्वीर स्मृति स्वरूप भेंट की।
महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से सहायक प्रशासक हिमांशु कारपेंटर ने औपचारिक सम्मान भी किया। विश्वभर के श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बने महाकाल मंदिर में वीआईपी दर्शन का यह सिलसिला लगातार जारी है। एक ओर धार्मिक आस्था तो दूसरी ओर देश की जानी-मानी हस्तियों का आगमन, दोनों मिलकर उज्जैन को राष्ट्रीय सुर्खियों में बनाए हुए हैं। बाबा महाकाल की इस नगरी में आने वाले समय में और कौन-कौन पहुंचता है, इस पर सबकी नजरें टिकी हैं।