सागर- संत प्रेमानंद महाराज के स्वास्थ्य लाभ के लिए सागर में 24 घंटे का अखंड हरिनाम संकीर्तन शुरू
सागर में भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। श्री हित राधा केली कुंज, बराह घाट, श्रीधाम वृंदावन के आदरणीय संत प्रेमानंद महाराज के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना के लिए शनिवार से 24 घंटे का अखंड श्री हरिनाम संकीर्तन आरंभ हुआ है। यह संकीर्तन रविवार दोपहर 12 बजे तक निरंतर चलेगा। कार्यक्रम की शुरुआत शनिवार दोपहर 12 बजे श्रीसुंदरकांड के पाठ से हुई। संकीर्तन में शहर और आसपास से जुड़े वैष्णव भक्त बड़ी संख्या में शामिल हुए। कीर्तन स्थल मोतीनगर स्थित आशुतोष पटेल का निवास स्थान है, जो प्रेमानंद महाराज के शिष्य हैं। माहौल भजन, कीर्तन और प्रभु स्मरण से पूर्ण रूप से भक्तिमय बना हुआ है। इस अखंड संकीर्तन की मुख्य जिम्मेदारी श्री मलूक पीठ शिष्य मंडल और श्री राधा केली कुंजी शिष्य मंडल सागर ने संभाली है। आयोजकों के अनुसार, यह संकल्प प्रेमानंद महाराज के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु के लिए लिया गया है। भक्तों में गहरी आस्था के साथ भावनात्मक जुड़ाव देखने को मिल रहा है।
भक्त लगातार बारी-बारी से कीर्तन संभाल रहे हैं ताकि 24 घंटे तक हरिनाम संकीर्तन बिना रुके चलता रहे। वातावरण में मंत्रोच्चार, झांझ-करताल और हृदयस्पर्शी भजनों की गूंज है। कई भक्त परिवार सहित कीर्तन सेवा में शामिल हैं और प्रसाद व भक्ति-भोजन की भी व्यवस्था की गई है। इस आयोजन में महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों सभी की भागीदारी उल्लेखनीय रही। भक्तों का कहना है कि कृपा स्वरूप महाराज का स्वास्थ्य जल्दी ही संपूर्ण रूप से लाभान्वित होगा। संकीर्तन के समापन पर रविवार को भंडारे और सामूहिक प्रार्थना का कार्यक्रम प्रस्तावित है। भक्ति, सेवा और संकल्प का यह अद्वितीय आयोजन सागर में आध्यात्मिक वातावरण को जीवंत कर रहा है। श्रद्धालु सोशल मीडिया और समूहों के माध्यम से लगातार महाराज के स्वास्थ्य लाभ की मंगलकामनाएँ भी भेज रहे हैं।