Sagar-महापौर ने कर्मचारियों को दिया दीपावली तोहफ़ा — 5 करोड़ का लोन लेकर वेतन रिलीज़
सागर नगर निगम में शुक्रवार को कर्मचारियों की लंबित मांगों पर बड़ी बैठक हुई। महापौर संगीता सुशील तिवारी, निगमायुक्त राजकुमार खत्री और एमआईसी सदस्यों की मौजूदगी में कर्मचारी संघों के साथ चर्चा हुई, जिसमें दीपावली से पहले वेतन भुगतान का बड़ा फैसला लिया गया।
कर्मचारी संघों ने महापौर को ज्ञापन देकर समय पर वेतन, बकाया एरियर, पदोन्नति, गृह भाड़ा, और हड़ताल के दौरान काटे गए सात दिन का वेतन बहाल करने जैसी मांगें रखी थीं। इस पर संवेदनशीलता दिखाते हुए महापौर ने घोषणा की कि दीपावली से पहले कर्मचारियों को वेतन देने के लिए 5 करोड़ रुपए का ऋण लिया जाएगा। इस फैसले पर मौजूद कर्मचारी संगठनों ने आभार जताया।
बैठक के दौरान एमआईसी सदस्य शैलेन्द्र ठाकुर ने कहा कि कर्मचारियों की मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जा रहा है, लेकिन बकाया वसूली में कर्मचारी भी सहयोग करें। पार्षद प्रतिनिधि नरेश यादव ने स्पष्ट कहा कि निगम की आर्थिक स्थिति चुनौतीपूर्ण है, लेकिन परिषद कर्मचारियों के साथ खड़ी है।
निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने कहा कि वेतन देना निगम का नैतिक दायित्व है, लेकिन बिजली, डीजल और स्थापना खर्च तेजी से बढ़े हैं। उन्होंने बताया कि स्मार्ट सिटी, सीवर और टाटा प्रोजेक्ट के बाद बिजली बिलों में भारी बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने बकायादारों—रेलवे और मकरोनिया नगर पालिका सहित—से वसूली अभियान तेज करने की बात कही।
महापौर ने साफ कहा कि दीपावली पर किसी भी कर्मचारी को वेतन संकट का सामना नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने घोषणा की कि लोन से दिया गया वेतन बाद में बकाया वसूली से चुकता कर दिया जाएगा।
वरिष्ठ भाजपा नेता और महापौर प्रतिनिधि डॉ. सुशील तिवारी ने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान परिषद की प्राथमिकता है और सभी मांगों को चरणबद्ध रूप से पूरा किया जाएगा। बैठक में कर्मचारी संघों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कर्मी मौजूद रहे।