Sagar- कफ सिरप मामले में गढ़ाकोटा में आक्रोश, कांग्रेस ने निकाला कैंडल मार्च, स्वास्थ्य मंत्री से इस्तीफे की मांग
मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा में कफ सिरप पीने से हुई 20 मासूम बच्चों की जान जाने बाद अब पूरे प्रदेश में गुस्से की लहर फैल गई है। सागर जिले के गढ़ाकोटा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस घटना के विरोध में मोमबत्तियां जलाकर आक्रोश जताया और प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री के इस्तीफे की मांग की।
गढ़ाकोटा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में गुरुवार की शाम डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक से कैंडल मार्च निकाला गया। हाथों में मोमबत्तियां और बैनर लिए सैकड़ों कार्यकर्ता “हत्यारी सरकार इस्तीफा दो” और “मासूमों को न्याय दो” के नारे लगाते हुए आगे बढ़े।
कैंडल मार्च पुराना बस स्टैंड पहुंचकर संपन्न हुआ, जहां उपस्थित जनों ने दो मिनट का मौन रखकर मृत बच्चों को श्रद्धांजलि दी। माहौल बेहद भावुक था — कई कार्यकर्ताओं की आंखें नम हो गईं।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह घटना सिर्फ एक हादसा नहीं बल्कि सरकारी लापरवाही का परिणाम है। उन्होंने मांग की कि स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल को तत्काल पद से हटाया जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। शेख मजीद खान, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष, गढ़ाकोटा ने बताया कि 20 मासूमों की जान गई, और सरकार चुप है! यह बेहद शर्मनाक है। जब तक स्वास्थ्य मंत्री इस्तीफा नहीं देते, कांग्रेस इस अन्याय के खिलाफ सड़कों पर संघर्ष करती रहेगी।
कैंडल मार्च में ब्लॉक अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे। गढ़ाकोटा कांग्रेस ने साफ कहा है कि यह आंदोलन सिर्फ श्रद्धांजलि तक सीमित नहीं रहेगा — बल्कि यह मासूमों को न्याय दिलाने की लड़ाई है।