बारूद से भरी बोरियां सड़क पर गिरीं… स्कूटी सवार गिरा… फायर ब्रिगेड ने टाला बड़ा विस्फोट !
एमपी के खरगोन में उस वक्त अफरातफरी मच गई जब खंडवा रोड पर यातायात थाने के बाहर बारूद से भरी बोरियां सड़क पर गिर गईं। जरा सी चिंगारी से बड़ा धमाका हो सकता था, लेकिन पुलिस और फायर ब्रिगेड की तत्परता ने एक बड़ी दुर्घटना को टाल दिया। पूरा मामला खरगोन के खंडवा रोड स्थित यातायात थाना के बाहर का है। जानकारी के मुताबिक एक अज्ञात वाहन अवैध रूप से बारूद का परिवहन कर रहा था, तभी सड़क पर उसकी बारूद से भरी बोरियां गिर गईं। इसी दौरान वहां से गुजर रहे स्कूटी सवार युवक की गाड़ी फिसल गई और वह बोरियों के पास जा गिरा। युवक को चोटें आईं, लेकिन सबसे बड़ी राहत यह रही कि बारूद में आग नहीं लगी।
मौके पर मौजूद एक पत्रकार और सामाजिक कार्यकर्ता ने तत्काल इस घटना की जानकारी यातायात थाना प्रभारी को दी। हालांकि उस समय प्रभारी छुट्टी पर थे, लेकिन हेड कांस्टेबल ने तुरंत सतर्कता दिखाई और फायर फाइटर टीम को बुलाया गया। फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर सड़क पर बिखरी बारूद को पानी से धोया, जिससे संभावित विस्फोट को टाल दिया गया।
घटना के दौरान दोनों ओर से वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बसें, स्कूल वाहन और बाइक सवार जाम में फंसे रहे। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रैफिक डायवर्ट कर व्यवस्था संभाली। फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह बारूद किस वाहन से गिरी और कहां ले जाई जा रही थी। पुलिस ने वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।