Sagar- तीन बत्ती से मस्जिद चौराहे तक अवैध पार्किंग पर बड़ी कार्रवाई
सागर से बड़ी खबर आयुक्त के निर्देश पर नगर निगम और ट्रैफिक पुलिस की संयुक्त टीम ने मंगलवार को शहर में अवैध रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। यह कार्रवाई तीन बत्ती चौराहे से लेकर मस्जिद चौराहे तक की गई, जहां लंबे समय से सड़कों के किनारे अवैध रूप से वाहनों की पार्किंग की जा रही थी, जिससे यातायात व्यवस्था पर लगातार असर पड़ रहा था।
अभियान के दौरान निगम अमले और ट्रैफिक पुलिस ने टोइंग वाहन की मदद से कई कारें, दोपहिया और ऑटो रिक्शा उठाकर पुलिस लाइन परिसर में जप्त कर रखे। जप्त किए गए वाहनों को चालानी कार्रवाई के बाद ही छोड़ा जाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि आयुक्त के सख्त निर्देश हैं कि शहर की मुख्य सड़कों पर किसी भी कीमत पर अवैध पार्किंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लगातार मिल रही शिकायतों और ट्रैफिक जाम की समस्या को देखते हुए यह सख्त कदम उठाया गया है।
कार्रवाई के दौरान डिप्टी कमिश्नर बघेल, अतिक्रमण प्रभारी राजू रैकवार, संजय सोनी, ट्रैफिक टीआई और निगम की टीम मौके पर मौजूद रही। टीम ने वाहन चालकों को चेतावनी दी है कि भविष्य में यदि उन्होंने सड़क किनारे वाहन खड़े किए तो भारी चालान और वाहन जप्ती की कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने इस अभियान का स्वागत किया और कहा कि लंबे समय से सड़क किनारे गलत पार्किंग से जाम की स्थिति बन जाती थी। अब कार्रवाई के बाद लोगों को राहत मिलेगी।
नगर निगम का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और शहर को ट्रैफिक जाम से मुक्त बनाने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे।