Sagar- कटाई पर निकलते ही मजदूरों से भरी पिकअप पलटी, महिला की मौत, 5 लोग पहुंचे अस्पताल
सागर जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। फसल कटाई के लिए जा रहे मजदूरों से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक महिला की मौके पर जा चली गई जबकि पांच मजदूर गंभीर रूप से घायल हैं। बताया जा रहा है कि चालक शराब के नशे में था और तेज रफ्तार से वाहन चला रहा था। घटना बुधवार सुबह बंडा थाना क्षेत्र के नयाखेड़ा-दलपतपुर मार्ग पर हुई। नयाखेड़ा गांव से लगभग 35 मजदूर पिकअप वाहन क्रमांक MP 15 ZF 1243 में सवार होकर मुड़ारी गांव सोयाबीन की फसल काटने जा रहे थे।
रास्ते में जैसे ही वाहन दलपतपुर के समीप पहुंचा, चालक ने रफ्तार और बढ़ा दी। मजदूरों, खासकर महिलाओं ने कई बार धीमी गाड़ी चलाने की गुहार लगाई, लेकिन ड्राइवर बात अनसुनी करता रहा। कुछ ही देर बाद वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई।
पिकअप में सवार रचना अहिरवार नामक महिला की घटनास्थल पर ही जान चली गई। वहीं पांच मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें महिलाएं और युवा शामिल हैं। बाकी मजदूरों को हल्की चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकाला। कुछ ही देर में बंडा पुलिस दल मौके पर पहुंचा। गंभीर घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बंडा ले जाया गया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया।
प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि पीड़ित मजदूर अखिलेश अहिरवार ने बताया कि चालक शराब के नशे में था। उसने चेतावनी के बावजूद रफ्तार कम नहीं की और हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ड्राइवर के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतका का पोस्टमॉर्टम कर परिजनों को शव सौंप दिया गया है। एक लापरवाह चालक की हरकत ने मजदूर परिवार की दुनिया उजाड़ दी। सवाल ये है—क्या अब भी रफ्तार और नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी?