Sagar- जवारे विसर्जन से लौट रहे श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, आग लगने से 30 से अधिक घायल
मध्यप्रदेश के सागर जिले में शाहगढ़ क्षेत्र से एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। बजाज माता के ज्वारे विसर्जन के बाद लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक पलट गई और देखते ही देखते उसमें आग लग गई। यह हादसा घुवारा क्षेत्र के पास स्थित प्यासी पेट्रोल पंप के नजदीक हुआ। ट्रॉली में सवार अधिकांश लोग विसर्जन से लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, श्रद्धालुओं से भरी ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलटी और कुछ ही क्षणों में उसमें आग भड़क उठी।
घटना के समय ट्रैक्टर-ट्रॉली में 40 से अधिक लोग सवार थे। हादसे में अब तक 30 से अधिक श्रद्धालुओं के घायल होने की पुष्टि हुई है। इनमें से कई गंभीर रूप से घायल हैं, जबकि कुछ लोग ट्रॉली के नीचे दब गए थे। उन्हें निकालने के लिए स्थानीय लोगों, पुलिसकर्मियों और राहगीरों ने मिलकर तुरंत रेस्क्यू शुरू किया।
ट्रॉली के पलटते ही उसमें अचानक लगी आग ने अफरा-तफरी मचा दी। कुछ श्रद्धालु खुद बचकर बाहर निकल आए, लेकिन कई लोग आग और मलबे के बीच फंसे रह गए। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने ट्रैक्टर की ट्रॉली को पलटकर दबे हुए लोगों को निकालने का काम शुरू किया। राहत कार्य में देरी न हो इसलिए आसपास के ग्रामीणों ने पानी और रेत डालकर आग बुझाने की कोशिश की। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई है। घायलों को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों और शाहगढ़ अस्पताल भेजा गया है। कुछ गंभीर लोगों को सागर रेफर किए जाने की तैयारी की जा रही है। प्रशासन ने आसपास के अस्पतालों को अलर्ट पर रखा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि विसर्जन के बाद लौटते समय ट्रॉली काफी तेज गति से चल रही थी। मोड़ पर संतुलन बिगड़ते ही यह हादसा हुआ। घटना के बाद जगह-जगह लोगों की भीड़ एकत्र हो गई है और हादसे को लेकर क्षेत्र में दहशत का माहौल है। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है। ट्रॉली पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी है और मौके पर प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।