Sagar- मुख्यमंत्री ने शहर के नये संविधान चौक और श्री कृष्ण-अर्जुन रथ को देखकर की काम की प्रशंसा
सागर शहर के सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अंबेडकर वार्ड में बनाए गए संविधान चौक और शीतला माता मंदिर के पास श्री कृष्ण-अर्जुन रथ के पास रुककर निगमायुक्त राजकुमार खत्री के द्वारा किए गए कार्यों की सराहना की। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, विधायक शैलेंद्र जैन, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी और निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार महाकवि पद्माकर सभागार में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जा रहे थे।
मार्ग में उन्होंने अंबेडकर वार्ड के संविधान चौक और संतकबीर वार्ड के शीतला माता मंदिर के पास रुककर पुष्प अर्पित किए। एमआईसी सदस्य धमेंद्र खटीक ने मुख्यमंत्री को बताया कि निगमायुक्त राजकुमार खत्री द्वारा शहर के चौराहों का व्यापक सौंदर्यीकरण किया गया है। खासकर उन जगहों पर ध्यान दिया गया जहां गंदगी रहती थी। इसके अलावा बस स्टैंड के पास समुद्र मंथन की स्थापना और पीली कोठी के पास स्टेप फाउंटेन का निर्माण कर शहर को और आकर्षक बनाया गया है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इन सभी प्रयासों की खुले दिल से प्रशंसा की और कहा कि शहर के हर नागरिक को साफ-सुथरे और सुंदर वातावरण का अनुभव मिलना चाहिए। उन्होंने निगमायुक्त के समर्पण और कड़ी मेहनत को सराहा। इस दौरान एमआईसी सदस्य धमेंद्र खटीक ने वार्ड वासियों के साथ मुख्यमंत्री का पुष्प पहनाकर स्वागत किया। नागरिकों ने भी मुख्यमंत्री और निगमायुक्त के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि शहर अब पहले से ज्यादा सुंदर और व्यवस्थित दिखाई देने लगा है। एमआईसी सदस्य धमेंद्र खटीक बोले के मुख्यमंत्री जी ने निगमायुक्त के कार्यों की सराहना की और शहर के सौंदर्यीकरण को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। इस प्रकार सागर शहर अब न केवल धार्मिक और ऐतिहासिक दृष्टि से बल्कि सौंदर्य और सुव्यवस्था में भी एक आकर्षक उदाहरण बनता जा रहा है।