माता बिरासिनी मंदिर में नवरात्रि का शुभारंभ, जगत जननी की भक्ति में उमड़ा आस्था का सैलाब
नवरात्रि की मंगलध्वनि के साथ पूरा देश मां दुर्गा की भक्ति में डूबा है। एमपी के उमरिया जिले के पाली नगर स्थित प्राचीन माता बिरासिनी मंदिर में भी नवरात्रि महापर्व का विधिवत शुभारंभ हो गया। श्रद्धालुओं की आस्था का ऐसा नजारा देखने को मिल रहा है, मानो पूरा नगर देवी भक्ति में सराबोर हो गया हो। 10वीं शताब्दी के कलचुरी काल में निर्मित यह मंदिर श्रद्धा और विश्वास का अद्वितीय प्रतीक है। पहले दिन कलेक्टर धरनेंद्र जैन, जो मंदिर संचालन समिति के डायरेक्टर भी हैं, अपनी धर्मपत्नी के साथ यहां पहुंचे।
उन्होंने विधिविधान से घट स्थापना कर माता बिरासिनी से जिले की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ अभय सिंह ओहरिया भी मौजूद रहे। माता बिरासिनी धाम की ख्याति केवल भारत तक सीमित नहीं बल्कि विदेशों तक फैली हुई है। अमेरिका सहित कई देशों से भक्त यहां पहुंचकर कलश स्थापना करते हैं और अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए माता से आशीर्वाद लेते हैं।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और सुविधाओं की विशेष व्यवस्था की है। थाना प्रभारी राजेशचंद्र मिश्रा ने बताया कि नवरात्रि के दौरान नगर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, ताकि श्रद्धालु निर्भय होकर मां के दर्शन कर सकें। नवरात्रि पर्व का आकर्षण नगर का ऐतिहासिक जवारा जुलूस भी है, जो पूरे देश में प्रसिद्ध है। यह जुलूस 30 सितंबर को शाम 4 बजे मंदिर प्रांगण से निकलकर नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरेगा और अंत में सगरा तालाब स्थित विसर्जन कुंड में समाप्त होगा। मां बिरासिनी के आशीर्वाद से उमरिया ही नहीं, बल्कि देश-दुनिया के भक्तों की झोली खुशियों से भरने की उम्मीद की जा रही है।