Sagar - कम अंक और सप्लीमेंट्री विवाद पर भड़के छात्र, खुरई कॉलेज में ABVP का धरना
सागर जिले के खुरई में विश्वविद्यालय परीक्षा परिणामों में कम अंक और “0.00 क्रेडिट प्वाइंट” दिखाए जाने से नाराज़ विद्यार्थियों ने आज अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के नेतृत्व में शासकीय महाविद्यालय खुरई में धरना आंदोलन किया। इस दौरान छात्रों ने शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर कुलपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा और त्रुटियों को सुधारने की मांग की। दरअसल, रानी अवंतीबाई लोधी विश्वविद्यालय, सागर द्वारा हाल ही में जारी परिणामों में बीए, बीएससी, बीकॉम और बीसीए के सैकड़ों विद्यार्थियों को 0.00 क्रेडिट प्वाइंट दिए गए हैं।
इसका सीधा अर्थ है कि इन छात्रों के अंक 0 से 34 के बीच दर्ज हुए हैं और उन्हें सप्लीमेंट्री मान लिया गया है। छात्रों का आरोप है कि यह बड़ी मूल्यांकन त्रुटि है, क्योंकि कई विद्यार्थियों ने परीक्षा में अच्छा प्रदर्शन करने के बावजूद बेहद कम अंक दर्ज किए गए हैं। इसी गंभीर गड़बड़ी को लेकर ABVP कार्यकर्ताओं ने खुरई महाविद्यालय में शांतिपूर्ण धरना दिया। आंदोलन के दौरान छात्रों ने प्रशासन से अपील की कि विश्वविद्यालय अपने परिणामों की दोबारा जांच करवाए और तकनीकी त्रुटियों को तुरंत सुधारे, ताकि मेहनती विद्यार्थियों का भविष्य अंधकारमय न हो।
आंदोलनकारियों ने कहा कि परिणामों में गड़बड़ी से छात्रों का मनोबल टूट रहा है और भविष्य की पढ़ाई व प्रतियोगी परीक्षाओं पर भी असर पड़ेगा। कई छात्रों ने दावा किया कि उन्हें सप्लीमेंट्री थमा दी गई है, जबकि वास्तविकता में उनके उत्तर पुस्तकों का मूल्यांकन ठीक से नहीं किया गया। छात्रों ने चेतावनी दी है कि यदि विश्वविद्यालय जल्द ही इस मामले का निराकरण नहीं करता तो आंदोलन और उग्र रूप ले सकता है। ज्ञापन के माध्यम से छात्रों ने कुलपति से मांग की है कि पुनर्मूल्यांकन पारदर्शी तरीके से हो और सभी छात्रों को न्याय मिले। फिलहाल, कॉलेज प्रशासन ने छात्रों की मांगों को विश्वविद्यालय तक पहुंचाने का भरोसा दिया है। अब देखना होगा कि विश्वविद्यालय कितनी जल्दी इस त्रुटि को सुधारकर छात्रों को राहत देता है।