नवरात्र पर बारिश का असर, चामुंडा मंदिर तक पहुंचा पानी, पुल से हो रहे दर्शन |SAGAR TV NEWS|
मध्यप्रदेश में मानसून अभी भी एक्टिव है। एमपी के उज्जैन से नागदा में लगातार हो रही तेज बारिश का असर अब शारदीय नवरात्र पर भी दिखने लगा है। चम्बल तट पर स्थित मां चामुंडा मंदिर के प्रांगण तक पानी पहुंच गया है। ऐसे में श्रद्धालुओं को दूर से ही माता के दर्शन करना पड़ रहा है। बारिश के चलते मंदिर प्रांगण से होकर पानी बह रहा है। स्थिति को देखते हुए मंदिर समिति ने माता की प्रतिमा को सुरक्षित बाहर विराजमान कराया और श्रद्धालुओं के लिए दर्शन की व्यवस्था मंदिर से थोड़ी दूरी पर बने पुल से की गई है। प्रशासन ने लोगों को पानी के पास न जाने की सख्त हिदायत दी है और श्रद्धालुओं से सावधानी बरतने की अपील की है।
इधर नवरात्रि का पहला दिन बाजारों में रौनक लेकर आया, लेकिन बारिश ने दुकानदारों की चिंता भी बढ़ा दी। मूर्ति और सजावटी सामान की दुकानों पर उम्मीद से कम भीड़ नजर आई। दुकानदारों ने बताया कि तेज बारिश की वजह से बिक्री पर असर पड़ा है। हालांकि, पूजन सामग्री की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ उमड़ी रही। लोग फूल, नारियल, चुनरी और पूजन सामग्री खरीदते नजर आए। एक महिला खरीदार ने बताया कि बारिश के बावजूद माता की स्थापना के लिए सामान लेना जरूरी है, इसलिए बाजार आना पड़ा। वहीं, दुकानदार महिलाओं ने मन की उदासी जाहिर करते हुए कहा कि उम्मीद के मुताबिक मूर्तियां नहीं बिक पाईं।
प्रदेश के कई जिलों में जारी बारिश ने जहां श्रद्धालुओं की आस्था की परीक्षा ली है, वहीं बाजारों की चहल-पहल पर भी असर डाला है। नागदा में मां चामुंडा मंदिर के बाहर पानी का नजारा भले ही श्रद्धालुओं की परीक्षा ले रहा हो, लेकिन आस्था के आगे सभी मुश्किलें छोटी नजर आ रही हैं। बारिश की मार झेलते हुए भी भक्तों का उत्साह कम नहीं हुआ है। सभी के दिलों में यही विश्वास है कि मां चामुंडा की कृपा से यह कठिनाई भी जल्द दूर होगी।