सागर- गड्ढे में फं-सा ट्रक, 15 घंटे से थमे वाहन, जर्जर सड़क ने बढ़ाई मुसीबत |SAGAR TV NEWS|
सागर जिले के खुरई-राहतगढ़ मार्ग पर सफर करना अब लोगों के लिए किसी खतरे से कम नहीं है। जर्जर सड़क पर गड्ढों की भरमार ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। शुक्रवार को कठेली गांव के पास एक ट्रक गड्ढे में धंस गया, जिसके बाद करीब 15 घंटे तक सड़क पर जाम की स्थिति बनी रही। आप तस्वीरों में देख सकते हैं—पूरी सड़क से डामर उखड़ चुका है और जगह-जगह बड़े गड्ढे बने हुए हैं। इन्हीं गड्ढों में राहतगढ़ से खुरई की ओर आ रहा एक ट्रक का पहिया फंस गया। काफी कोशिशों के बावजूद ट्रक अपनी जगह से हिल भी नहीं पाया।
जैसे ही ट्रक गड्ढे में फंसा, वैसे ही दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। भारी वाहनों से लेकर छोटे चार पहिया और दो पहिया वाहन भी जाम में फंसे रहे। कई वाहन चालकों ने रास्ता निकालने की कोशिश की लेकिन सड़क पर गड्ढों की वजह से उनके वाहन भी डैमेज होने लगे। नतीजा यह हुआ कि सैकड़ों लोग घंटों तक जाम में फंसे रहे।
ग्रामीणों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है। खुरई-राहतगढ़ रोड की हालत लंबे समय से खराब है। आए दिन इसी तरह वाहन गड्ढों में फंस जाते हैं और जाम की स्थिति बन जाती है। बावजूद इसके जिम्मेदार विभाग इस पर ध्यान नहीं दे रहे। लोगों का कहना है कि अगर सड़क की मरम्मत समय रहते नहीं की गई तो किसी दिन बड़ा हादसा भी हो सकता है। ट्रक ड्राइवर ने बताया कि “सड़क पर इतने गड्ढे हैं कि गाड़ी चलाना मुश्किल हो जाता है। आज गाड़ी पहिए समेत फंस गई, घंटों से कोशिश कर रहा हूँ लेकिन ट्रक निकल ही नहीं पा रहा।” फिलहाल स्थानीय लोग और वाहन चालक घंटों से राहत का इंतजार कर रहे हैं। सवाल यह है कि आखिर कब जिम्मेदार विभाग इस खतरनाक सड़क की सुध लेंगे।