सिंधिया को मुख्यमंत्री बनाया तो विकास के नए आयाम होंगे स्थापित, पोस्टर बना चर्चा का विषय
मध्यप्रदेश की राजनीति में एक पोस्टर ने नई हलचल मचा दी है। मुरैना के बैरियर चौराहा पर लगा एक पोस्टर चर्चा का विषय बन गया है, जिसमें लिखा है कि ज्योतिरादित्य सिंधिया को मुख्यमंत्री बनाया तो विकास के नए आयाम होंगे स्थापित। यह पोस्टर अचानक दिखाई दिया और रातों-रात रहस्यमयी तरीके से गायब भी हो गया।
दरअसल, मुरैना के हनुमान मंदिर के ऊपर एक छोटी सी होर्डिंग लगाई गई थी, जिसमें केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को प्रदेश का भविष्य बताया गया। पोस्टर में साफ लिखा गया था कि सिंधिया मुख्यमंत्री बनते हैं तो प्रदेश में विकास की नई दिशा तय होगी।
पोस्टर लगते ही यह पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया। खास बात यह रही कि यह पोस्टर मंदिर के बाबा भगवान दास त्यागी की ओर से लगाया गया था।
मंदिर के बाबा ने स्वीकार किया कि उन्हें अदृश्य प्रेरणा मिली और उसी कारण से उन्होंने यह पोस्टर लगवाया। बाबा का कहना है कि जिस तरह उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विकास हुआ है, उसी तरह मध्यप्रदेश में भी ज्योतिरादित्य सिंधिया मुख्यमंत्री बनते हैं तो बड़ा बदलाव होगा।
उन्होंने सिंधिया परिवार की तुलना करते हुए कहा कि जैसे माधवराव सिंधिया ने विकास की राजनीति की, वैसे ही ज्योतिरादित्य भी उसी मानसिकता को आगे बढ़ा रहे हैं।
हालांकि, यह पोस्टर रात के अंधेरे में किसने हटाया, इसका अब तक पता नहीं चल पाया है। लेकिन इसके बाद पूरे मुरैना में सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं। लोग अलग-अलग तरह से इस पर अपनी राय दे रहे हैं।
फिलहाल यह पोस्टर गायब हो गया है, लेकिन मुरैना से उठी यह चर्चा प्रदेश की राजनीति में नई बहस को जन्म दे रही है कि क्या ज्योतिरादित्य सिंधिया का अगला कदम प्रदेश की सत्ता की ओर होगा?