सागर- देवरी के लाल ऋषभ अवस्थी बने डिप्टी कलेक्टर, प्रथम नगर आगमन पर आतिशबाजी और फूलों से भव्य स्वागत
सागर जिले के देवरी नगर से जुड़ी एक प्रेरणादायी खबर सामने आई है। यहां के होनहार युवा ऋषभ अवस्थी ने एमपी पीएससी परीक्षा 2024 में दूसरा स्थान हासिल कर डिप्टी कलेक्टर बनने का गौरव प्राप्त किया है। रविवार को जब वे पहली बार नगर लौटे तो उनका स्वागत किसी उत्सव से कम नहीं था। देवरी कलां के निवासी और होमगार्ड पुलिस विभाग में पदस्थ रमेश अवस्थी के बेटे ऋषभ अवस्थी का नगरवासियों ने ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और फूल बरसाकर भव्य स्वागत किया। नगर के चौराहों से लेकर मुख्य मार्गों तक लोग उनके इंतजार में खड़े थे। नगर पहुंचकर ऋषभ अवस्थी ने सबसे पहले गौ माता के दर्शन किए और आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर पूरा माहौल खुशी और गर्व से सराबोर था। बच्चे-बूढ़े और महिलाएं तक उनकी एक झलक पाने उमड़ पड़े।
ऋषभ अवस्थी ने इंदौर के जीएसआईटीएस से बीई और एमए की पढ़ाई की है। खास बात यह है कि उन्होंने कोविड-19 लॉकडाउन के दौरान देवरी में रहकर ही पीएससी की तैयारी शुरू की थी। यह उनकी पहली ही मुख्य परीक्षा और इंटरव्यू था, जिसमें उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए 945.50 अंक प्राप्त किए और प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल किया। नगर आगमन पर “आस एक उम्मीद” सामाजिक संस्था सहित कई संगठनों और नागरिकों ने उनका सम्मान किया। श्रीराम होटल में आयोजित स्वागत समारोह में गणमान्य नागरिकों ने ऋषभ को शाल-श्रीफल और प्रतीक चिह्न भेंटकर अभिनंदन किया।