सागर- खुरई में लोडिंग वाहन से रेलवे फाटक टूटा, डेढ़ घंटे तक जाम, वाहन चालक परेशान |SAGAR TV NEWS|
सागर जिले के खुरई के रजवांस रोड स्थित भूतेश्वर रेलवे फाटक पर सोमवार को एक लोडिंग वाहन चालक की लापरवाही से बड़ा हादसा टल गया। ड्राइवर की जल्दबाजी में फाटक का बूम टूट गया। इससे जहां रेल यातायात प्रभावित तो नहीं हुआ, लेकिन सड़क मार्ग पर करीब डेढ़ घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। दरअसल, जैसे ही रेलवे फाटक खुला, लोडिंग वाहन चालक ने बिना इंतजार किए अपनी गाड़ी आगे बढ़ा दी। तभी अचानक बूम उससे टकराकर टूट गया।
देखते ही देखते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। गेटमैन ने तुरंत इसकी सूचना स्टेशन मास्टर को दी। थोड़ी ही देर में रेलवे कर्मचारी और आरपीएफ जवान मौके पर पहुंचे और सुधार कार्य शुरू कर दिया। इमरजेंसी बूम का उपयोग करते हुए रेल यातायात को सामान्य रखा गया ताकि किसी ट्रेन पर असर न पड़े।
इससे पहले भी ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। हाल ही में जरूआखेड़ा के ठाकुर बाबा रेलवे फाटक पर एक ट्रक चालक की लापरवाही से बड़ा हादसा होते-होते टल गया था, जब ट्रक बीच ट्रैक पर फंस गया था। लोग उस घटना को अभी भूल भी नहीं पाए थे कि यह नया मामला सामने आ गया। करीब डेढ़ घंटे तक यातायात बाधित रहा। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं और चालक परेशान होते रहे। आरपीएफ ने मौके पर पहुंचकर लोडिंग वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की। फिलहाल बूम की मरम्मत कर फाटक को फिर से दुरुस्त कर दिया गया है।