एक्सप्रेस रोड पर ट्रक कहर, 2 की मौत, कई लोग पहुँचे अस्पताल और फिर
एमपी के इंदौर में सोमवार शाम एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया। एयरपोर्ट रोड पर करीब एक किलोमीटर तक एक बेकाबू ट्रक कहर बनकर दौड़ता रहा। इस दौरान ट्रक ने कई वाहनों और लोगों को रौंद दिया। हादसे में दो लोगों की जान चली गई, जबकि दर्जनों लोग घायल हो गए।
शाम के समय एयरपोर्ट रोड पर ट्रक MP09 ZP 4069 अचानक बेकाबू हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ट्रक चालक नशे में था और उसके ट्रक के ब्रेक भी फेल हो गए। रामचंद्र नगर चौराहे से बड़ा गणपति चौराहे तक करीब एक किलोमीटर के रास्ते पर ट्रक ने बाइक और लोगों को कुचलते हुए आगे बढ़ना जारी रखा।
हादसे के दौरान ट्रक में एक बाइक फंस गई थी। लगातार घिसटने से उसमें आग लग गई और देखते ही देखते पूरा ट्रक आग की चपेट में आ गया। सूचना मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू कार्य शुरू किया।
इस हादसे में दो लोगों की जान चली गई, जबकि 13 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। इनमें से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को गीतांजलि, वर्मा यूनियन, बांठिया, अरबिंदो और भंडारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एमवाय अस्पताल में भी इमरजेंसी वार्ड अलर्ट पर रखा गया है।
हादसे की खबर मिलते ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा दुख जताया और अपर मुख्य सचिव गृह को इंदौर भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने रात 11 बजे से पहले भारी वाहनों के शहर में प्रवेश की जांच कराने की भी बात कही।
इंदौर जोन-1 के डीसीपी कृष्णा लालचंदानी ने बताया कि ड्राइवर शराब के नशे में था और ट्रक जब्त कर लिया गया है। आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर मेडिकल जांच कराई जा रही है। वहीं, घटनास्थल पर पहुंचे विधायकों और प्रशासनिक अधिकारियों ने घायलों से मुलाकात कर हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।