पुलिस ने 15 बाइक की बरामद, मोटरसाइकिल चोरी गिरोह का किया पर्दाफाश, 3 आरोपी गिरफ्तार |SAGAR TV NEWS|
नगर में लगातार बढ़ रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने चोरी की 15 बाइक बरामद करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई नगर के लोगों के लिए बड़ी राहत लेकर आई है। पिछले कुछ समय से एमपी के सागर संभाग के दमोह जिले के पथरिया में मोटरसाइकिल चोरी की घटनाएं बढ़ रही थीं। बीते सप्ताह ही 4 चोरी के मामले दर्ज हुए थे। इससे आम नागरिकों में दहशत का माहौल था।
पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए जांच शुरू की और इसी दौरान एक संदिग्ध को हिरासत में लिया। पूछताछ में संदिग्ध ने चौंकाने वाला खुलासा किया। आरोपी ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर बाइकों की चोरी करता था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने दो अन्य साथियों को भी पकड़ लिया। पुलिस टीम ने आरोपियों से पूछताछ कर कुल 15 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी एवं एसडीओपी पथरिया प्रिया सिंधी के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी अमित मिश्रा के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने यह कार्रवाई की। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया गया है। पूछताछ के दौरान चोरों ने यह भी कबूल किया कि उन्होंने सिर्फ हीरो होंडा कंपनी की मोटरसाइकिलें ही चोरी की हैं। कारण यह बताया गया कि यह गाड़ियां मजबूत होती हैं और इन्हें किसी भी साधारण चाबी से स्टार्ट किया जा सकता है। अन्य गाड़ियों की तुलना में हीरो होंडा बाइक चोरी करना उनके लिए आसान था।
पुलिस की इस कार्रवाई से नगरवासियों ने राहत की सांस ली है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोग परेशान थे और हर किसी के मन में अपनी गाड़ी को लेकर असुरक्षा की भावना थी। लेकिन इस कार्रवाई के बाद लोगों का विश्वास एक बार फिर पुलिस पर कायम हुआ है।
प्रिया सिंधी, एसडीओपी पथरिया ने बताया कि “पुलिस ने संगठित तरीके से काम करते हुए चोरी गिरोह का पर्दाफाश किया है। 15 बाइक बरामद हुई हैं और तीन आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। आगे भी ऐसे अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। पथरिया पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई ने साबित कर दिया है कि अगर पुलिस पूरी प्रतिबद्धता से काम करे तो अपराधी ज्यादा देर तक बच नहीं सकते। चोरी गिरोह के पकड़े जाने के बाद अब नगर में लोगों को काफी राहत मिली है।
यह कार्रवाई न सिर्फ चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में अहम साबित हुई है, बल्कि इससे अपराधियों को भी साफ संदेश मिल गया है कि कानून के शिकंजे से बच पाना आसान नहीं है।