खेलते-खेलते पानी में समा गया मासूम, 2 साल की नन्ही जान ने तोड़ा सबका दिल
एमपी के सागर संभाग के छतरपुर जिले के बकस्वाहा थाना क्षेत्र के ग्राम धरमपुरा में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया। खेत के पास खेलते समय सिर्फ 2 साल के मासूम नितिन आदिवासी पुत्र सचिन आदिवासी की घर के पास बनी तलैया में गिरने से जान चली गई। खेलते-खेलते नन्हा बच्चा अचानक पानी की ओर चला गया और गहरे पानी में समा गया। हादसे के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तुरंत बच्चे को पानी से बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बकस्वाहा लेकर पहुंचे।
लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मासूम को मृत घोषित कर दिया। नितिन की जान जाने की खबर से पूरे परिवार में कोहराम मच गया और गांव में मातम पसर गया। बताया जा रहा है कि मृतक का एक बड़ा भाई भी है, जिसकी उम्र करीब 4 साल है। दोनों भाई घर के पास खेल रहे थे कि तभी यह हादसा हो गया। अस्पताल में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर डॉक्टर रविराज ने शव परिजनों को सौंप दिया। इस दौरान का माहौल बेहद हृदयविदारक रहा।
पिता बेसुध होकर अपने बेटे को गोद में लिए सिर दीवार से पटकने लगे, वहीं मां का रो-रोकर बुरा हाल था। इस मार्मिक दृश्य को देखकर अस्पताल में मौजूद लोगों की आंखें भी भर आईं। थाना प्रभारी सुनीता विंदुआ ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। वहीं ग्राम सरपंच गोपाल यादव ने कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद है और प्रशासन से प्रयास किया जाएगा कि परिवार को तत्काल सहायता राशि उपलब्ध कराई जाए। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गांव में बने खतरनाक गड्ढों और तलैयों को सुरक्षित किया जाए, ताकि भविष्य में किसी और मासूम की जिंदगी इस तरह की लापरवाही की भेंट न चढ़े।